नई दिल्ली। प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने उम्मीदवार की दूसरी लिस्ट जारी की है। इसमें 39 उम्मीदवारों के नाम हैं। भाजपा ने पहली सूची जारी की थी तब भी मध्य प्रदेश से 39 उम्मीदवारों के नाम थे। दूसरी लिस्ट में तीन केंद्रीय मंत्रियों समेत 7 सांसदों को टिकट दिया गया है। केंद्रीय मंत्रियों में मुरैना की दिमनी सीट से नरेंद्र सिंह तोमर, नरसिंहपुर से प्रहलाद पटेल और निवास से फग्गन सिंह कुलस्ते को प्रत्याशी बनाया गया है। वहीं बीजेपी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय को इंदौर विधानसभा क्रमांक 1 से टिकट दिया गया है।
बीजेपी 3 केंद्रीय मंत्रियों समेत 7 सांसदों को टिकट दिया है। 3 केंद्रीय मंत्रियों के अलावा भाजपा जिन चार सांसद को विधानसभा चुनाव लड़ा रही है, उनमें जबलपुर पश्चिम से राकेश सिंह, सतना से गणेश सिंह, सीधी से रीति पाठक और गाडरवारा से उदय प्रताप सिंह के नाम शामिल हैं। दूसरी लिस्ट में जिन 39 सीटों पर नामों का ऐलान किया है उनमें से 36 सीटें 2018 के चुनाव में हारी हुई हैं। 3 सीटें BJP के कब्जे में हैं। इनमें मैहर से नारायण त्रिपाठी, सीधी से केदारनाथ शुक्ला और नरसिंहपुर से जालम सिंह पटेल का टिकट काटा गया है।
सीधी विधानसभा सीट से वर्तमान भाजपा विधायक केदारनाथ शुक्ला की जगह सीधी से सांसद रीति पाठक को प्रत्याशी बनाया गया है। ज्ञात रहे कि सीधी में पेशाब कांड के बाद कांग्रेस, विधायक केदारनाथ शुक्ला पर हमलावर थी। वह पेशाब कांड के आरोपी को केदारनाथ शुक्ला से जुड़ा होना बताती रही है।



