मंदसौर। जिले में गुरुवार को दिनभर नामांकन का दौर चला। चारों विधानसभा से भाजपा और कांग्रेस के पांच प्रत्याशियों ने पर्चा दाखिल किया। वहीं, बसपा से दो प्रत्याशियों ने नामांकन भरा। इस दौरान कुछ प्रत्याशियों ने शक्ति प्रदर्शन भी किया।
मंदसौर विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी विपिन जैन ने अपना नामांकन पत्र रिटर्न अधिकारी के समक्ष दाखिल किया। दोपहर में विपिन जैन वाहन रैली के रूप में कलेक्ट्रेट रोड स्थित तहसील कार्यालय पहुंचे। पर्चा दाखिल करने के पहले वे पशुपतिनाथ मंदिर समेत शहर के अन्य मंदिरों में पहुंचे और माथा टेका। उन्होंने शिवाना नदी के तट पर संकल्प लिया कि यदि उन्हें जीत मिली तो सबसे पहले शिवना शुद्धिकरण का कार्य करेंगे।
भाजपा प्रत्याशी यशपाल सिंह सिसौदिया कार्यकर्ताओ के साथ वाहन रैली के रूप में तहसील कार्यालय पहुंचे और उन्होंने पर्चा भरा। दोनों ही प्रत्याशियों ने विकास के नाम पर मतदाताओं के बीच जाने की बात कही।
मल्हारगढ़ से देवड़ा और सिसोदिया ने भरा फॉर्म-
मल्हारगढ़ विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी जगदीश देवड़ा और कांग्रेस प्रत्याशी परशुराम सिसोदिया ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। दोपहर में कांग्रेस प्रत्याशी परशुराम सिसोदिया पिपलियामंडी से मल्हारगढ़ तक वाहन रैली के साथ पहुंचे। मल्हारगढ़ में वे कांग्रेस नेताओं के साथ बैलगाड़ी में बैठकर नामांकन पत्र दाखिल करने पहुंचे।
भाजपा प्रत्याशी जगदीश देवड़ा ने बिना किसी शक्ति प्रदर्शन के सामान्य रूप से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। जगदीश देवड़ा ने बताया कि 30 अक्टूबर को भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ नामांकन रैली निकालेंगे। वहीं, बसपा बसपा प्रत्याशी नरेंद्र कुमार ने भी नामांकन जमा किया।
सुवासरा से बीजेपी के डंग और बसपा के बलवंत ने भरा नामांकन-
सुवासरा विधानसभा सीट से भाजपा के हरदीप सिंह डंग औ बहुजन समाज पार्टी के बलवंत सिंह रायकवार ने नामांकन दाखिल किया। भाजपा प्रत्याशी डंग ने औपचारिक नामांकन दाखिल किया है।
गरोठ में सुभाष सोजतिया ने भरा नामंकन-
उधर, गरोठ विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी डॉक्टर सुभाष कुमार सोजतिया ने समर्थकों के साथ नामांकन पत्र दाखिल किया। भाजपा प्रत्याशी चन्दर सिंह सिसोदिया दो दिन पहले ही अपना नामांकन पत्र दाखिल कर चुके हैं। वे 30 अक्टूबर को शक्ति प्रदर्शन करते हुए नामांकन रैली निकालेंगे।