इंदौर। मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस प्रत्याशियों की नामांकन रैली में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ शामिल हुए। पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी और इंदौर-3 से पूर्व विधायक अश्विन जोशी समेत तमाम प्रत्याशी रथ पर उनके साथ हैं। मोतीतबेला पर सभा को संबोधित करने के बाद सभी प्रत्याशी नामांकन दाखिल करेंगे।
इससे पहले, कमलनाथ ने इंदौर एयरपोर्ट पर बागी नेताओं से मुलाकात की। यहां से वे राजबाड़ा पहुंचे और माता अहिल्या देवी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कलेक्ट्रेट के लिए रैली के रूप में रवाना हो गए। मोती तबेला पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पंजाब कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमरेंदर सिंह राजा बरार ने कहा कि कमलनाथ ने सरदारों पर अत्याचार नहीं किए।
कमलनाथ ने कहा कि प्रदेश में इतना भ्रष्टाचार है कि यदि आपके पास 50 एकड़ जमीन है और आप पैसे देंगे तो उसे भी बीपीएल केटेगेरी में शामिल कर लिया जाएगा। शिवराजसिंह चौहान 10-10 घोषणाएं करते हैं। मैं कहता हूं एक-एक लाख पदों को भरने की घोषणाएं मत करिए, केवल रिक्त पदों को ही भर दिए। शिवराजसिंह को ठगराज बताते हुए कहा कि पांच महीने में घोषणा और भ्रष्टाचार की मशीन की स्पीड डबल हो गई।
एयरपोर्ट पर बागियों को साधा, जोशी भी साथ आए-
पूर्व सीएम कमलनाथ ने एयरपोर्ट पर कांग्रेस के बागियों को मनाने में जुटे हैं। एयरपोर्ट के लाउंज में वे कांग्रेस के महत्वपूर्ण कार्यकर्ताओं के साथ बैठक ले रहे हैं। इसमें वे बागियों को मनाने की कोशिश करेंगे। ताकि चुनाव के दौरान किसी तरह का डैमेज न हो। इससे पहले नाराज बताए जा रहे इंदौर-3 के पूर्व विधायक अश्विन को भी मना लिया गया है।