भोपाल। लोकसभा चुनाव से पहले प्रदेश की राजनीति में बड़ी हलचल होती दिखाई दे रही है। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ कल शनिवार को ही बेटे नकुल नाथ के साथ दिल्ली में जमे हुए हैं। अगर वे बीजेपी ज्वाइन करते हैं तो प्रदेश के साथ इसका असर मालवा-निमाड़ की राजनीति पर भी होगा। उनके पीछे-पीछे समर्थक भी बीजेपी के साथ अपनी राजनीतिक कदम ताल करते नजर आ सकते हैं। कमलनाथ समर्थकों ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से कांग्रेस को हटाना शुरू कर दिया है।
मालवा-निमाड़ में समर्थक खुलकर आए मैदान में
आपकों बता दें पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के बीजेपी में शामिल होने की अटकलों के बीच इंदौर के पूर्व मंत्री सज्जन वर्मा ने समर्थन में खुलकर मैदान संभाल लिया है। वर्मा ने अपने सोशल मीडिया एकाउंट से कांग्रेस हटा दिया है। पहले उनकी कांग्रेस के पंजे के चिह्न के साथ फोटो थी। अपडेट फोटो में तिरंगे के साथ उनकी तस्वीर है, जिस पर जन-गण-मन लिखा है।
कमलनाथ के बीजेपी में जाने के सवाल पर वर्मा कह चुके हैं कि उनके साथ 40 साल से जुड़ा हूं। वे ही मेरे नेता हैं। वे जहां रहेंगे, मैं भी उनके साथ रहूंगा। यह मेरा मॉरल दायित्व है। वर्मा देवास से चुनाव लड़ते है। अगर वे पार्टी छोड़ते हैं तो उनके पीछे वहां के कांग्रेसी नेता भी बीजेपी में जा सकते हैं। सज्जन वर्मा समर्थक और देवास कांग्रेस शहर अध्यक्ष मनोज राजानी भी कह चुके हैं कि मैं तो सज्जन वर्मा जी से सालों से जुड़ा हूं। यदि वे कुछ फैसला लेते हैं तो मैं उनका विरोध कैसे कर सकता हूं। इंदौर सहित मालवा-निमाड़ के अन्य कमलनाथ समर्थक नेता वेट एंड वॉच की स्थिति में बने हुए हैं।
सज्जन सिंह वर्मा के अलावा इंदौर में कार्यवाहक कांग्रेस अध्यक्ष विशाल गोलू अग्निहोत्री भी कमलनाथ समर्थक हैं। कमलनाथ के साथ पूर्व विधायक संजय शुक्ला, पूर्व विधायक विशाल पटेल के भी बीजेपी में जाने के कयास लगाए जा रहे हैं, हालांकि विशाल पटेल दिग्विजय सिंह गुट के हैं।
कई छोटे नेता भी हैं कमलनाथ के समर्थक-
मालवा-निमाड़ में कमलनाथ समर्थकों में बड़े नाम के अलावा छोटे नेताओं की भी लंबी लिस्ट है। अगर कमलनाथ बीजेपी में गए तो वे भी बीजेपी ज्वाइन कर सकते हैं। इसमें ऐसा नेता भी शामिल है जो समय के साथ पाला बदल लेते हैं। पहले दिग्विजय सिंह समर्थक थे मगर बाद में कमलनाथ से जुड़ गए। कुछ नेताओं ने दोनों जगह भी तालमेल बनाकर रख रखा है। झाबुआ-आलीराजपुर जिले में कांग्रेस के जो बड़े नेता है वे ज्यादातर दिग्विजय सिंह गुट के हैं।
मालवा-निमाड़ में पटवारी और सिंघार का कनेक्ट
आपकों बता दें कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार दोनों मालवा-निमाड़ से आते हैं। कांग्रेस पार्टी के इस फैसले के बाद मालवा-निमाड़ की राजनीति में दो नए गुट का उदय हुआ है। एक पटवारी तो दूसरा सिंघार का गुट है। युवा नेता और कुछ पुराने कांग्रेस अपनी-अपनी सुविधानुसार दोनों के गुट में शामिल हो गए हैं। आदिवासी बेल्ट में कांग्रेस समर्थक नेता सिंघार के साथ कनेक्टेड हुए हैं। जबकि शहरी क्षेत्रों में पटवारी का होल्ड बढ़ा है। नई कांग्रेस में जिन्होंने भरोसा जताया है वे इन दोनों नेताओं के साथ हो गए हैं।