पिपलियामंडी। नगर के वरिष्ठ पत्रकार सुनील गुप्ता आखिरकार जिंदगी की जंग हार ही गए। कोरोना की प्रथम लहर से संक्रमित हुए सुनील गुप्ता कोरोना से जंग जीत कर स्वस्थ तो हो चुके थे मगर फेफड़ो के कमजोर होने के कारण उन्हे ऑक्सीजन का उपयोग करना पड़ रहा था। पिछले कुछ दिनों से वे अस्वस्थ थे और चिकित्सकीय की देखरेख में थे। गुरुवार को देर शाम उन्होंने अंतिम सांस ली सांसद प्रतिनिधि दिलीप गोयल नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष चौथमल गुप्ता एवं लायंस क्लब शक्ति पिपलिया मंडी के निवेदन पर परिजन दिव्य गुप्ता, दीपल गुप्ता, आशा गुप्ता एवं उनकी माताजी ने उनके नेत्रदान की स्वीकृति प्रदान की। सूचना प्राप्त होने पर मंदसौर लायंस क्लब के अध्यक्ष एवं नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉक्टर मजहर हुसैन, सचिव प्रेम देव पाटीदार, प्रोजेक्ट चेयरमैन विकास भंडारी की टीम ने नेत्र उत्सारित किये उत्सारित नेत्रों को तत्काल गोमाबाई अस्पताल नीमच भिजवाने का प्रबंध भी किया गया। ताकि उनसे दो व्यक्तियों का जीवन रोशन हो सके।
लायंस क्लब शक्ति की अध्यक्ष लायन मनीषा गोयल ने कहा कि स्वर्गीय गुप्ता एक महान समाजसेवी थे। नेत्रदान के क्षेत्र में उनका योगदान हमेशा अविस्मरणीय रहेगा। जाते-जाते भी वह दो व्यक्तियों के जीवन को रोशनी से ओतप्रोत कर गए। उन्होंने न केवल पोरवाल समाज को अपितु संपूर्ण मानवता को भी गौरवान्वित किया है। उन्होंने स्व गुप्ता के परिजनों को लायंस क्लब शक्ति की ओर से साधुवाद दिया। क्लब की संस्थापक अध्यक्ष नीलिमा अग्रवाल ने कहा कि स्व गुप्ता के परिजनों ने नेत्रदान करके एक अनुकरणीय पहल की है। क्लब की पूर्व अध्यक्ष समता जैन ने लायंस क्लब शक्ति की ओर से स्वर्गीय गुप्ता को श्रद्धांजलि अर्पित की।