सिंगोली। तहसील क्षेत्र में एक बार फिर तेंदुए का आतंक बढ़ गया है। बीती रात तेंदुए ने ग्राम नीम का खेड़ा स्थित एक बाड़े में गाय के बछड़े को शिकार बनाया है। जबकि इससे पूर्व तेंदुए ने अरनिया और सोड़ीजर में भी दो गायों को मार डाला था।
गुरुवार शाम डिप्टी रेंजर मांगीलाल प्रजापति ने बताया कि घटना के एक दिन पूर्व ही मोडिया महादेव के आसपास तेंदुआ होने की जानकारी मिली थी। जबकि बीती रात तेंदुए ने ग्राम नीम का खेड़ा स्थित दशरथ धाकड़ के बाड़े में दीवार फांदकर एक बछड़े को शिकार बना लिया। इससे पूर्व गत माह भी ग्राम चक सोड़ीजर और अरनिया में दो गायों को मार डाला था।
गुरुवार सुबह ग्रामीणों की सूचना और रतनगढ़ वन परिक्षेत्र अधिकारी पीएल गहलोत के निर्देशानुसार डिप्टी रेंजर मांगीलाल प्रजापति ने स्वयं वन रक्षक जुल्फिकार मंसूरी के साथ घटना स्थल जाकर पंचनामा और मौका कार्रवाई की तथा मुआवजा प्रकरण तैयार किया है।
डिप्टी रेंजर प्रजापति के मुताबिक तेंदुए इत्यादि हिंसक जीव अक्सर गर्मी के दिनों में पानी की तलाश में भटकते है।
ऐसे में मवेशियों की गंध का अहसास होने पर वे गांव के नजदीक पहुंच कर उन पर हमला करते है। फिलहाल ग्रामीणों को ताकीद की गई है की वे रात के समय अधिक सुरक्षित रहे तथा जहां तक हो सके पर्वतीय तराई क्षेत्र की ओर न जाएं।