खरगोन। पाटीदार समाज खरगोन जनपद के इच्छापुर गांव में मां अंबिका गुरुकुल की स्थापना करने जा रहा है। निर्माण चल रहा है। गुरुकुल में शिक्षा किस तरह की हो इस पर शुक्रवार को पंडित मेवालाल के सानिध्य में चिंतन गोष्ठी रखी गई। इसमें देश-विदेश में प्राइवेट व सरकारी सेक्टर की सेवाओ में लगे समाजजन ने अपनी बात रखी। ज्यादातर का मानना था कि गुरुकुल में आधुनिक शिक्षा के साथ बच्चों को संस्कारों की शिक्षा भी दी जानी चाहिए।
वरिष्ठ गजानन्द पाटीदार ने इंदौर से सहयोग का भरोसा दिलाया। पेरिस में एक बैंक में सेवारत ललित पाटीदार आसनगांव व खंडवा यूको बैंक के प्रबंधक कुलदीप पाटीदार ने बच्चों में संस्कार की जरूरत बताते गुरुकुल की स्थापना को महत्वपूर्ण बताया। रमेश पाटीदार इंदौर, जगन्नाथ, हेमराज पाटीदार अतिथि थे। सिविल इंजीनियर सावन व अंकित ने निर्माण को लेकर सुझाव दिए। भूमिका डॉ सुनील पाटीदार ने रखी। संचालन योगेश पाटीदार ने किया। आभार रमेशचन्द्र पाटीदार ने माना। अशोक पाटीदार, विजय पाटीदार निर्मल पाटीदार सहित देश-विदेश में सेवा दे रहे युवा उपस्थित रहे।
शिक्षा के साथ कृषि, चिकित्सा का केंद्र बनेगा
गायत्रीधाम जामली के पंडित मेवालाल पाटीदार ने कहा कि गुरुकुल में शिक्षा व संस्कार के साथ किसान खेत की मिट्टी का परीक्षण करा सकेंगे। जैविक कृषि का प्रशिक्षण ले सकेंगे। योग एवं भारतीय चिकित्सा पद्धति से रोगी उपचार लें सकेंगे। हमारे बुजुर्गों की सेवा और सम्मान के लिए शिविर लगेंगे। स्वावलम्बन, पौधारोपण प्रकल्प से आदर्श समाज का निर्माण करने के उद्देश्य से लोग अपना समय, धन व श्रम लगा रहे हैं।