इंदौर। लोकसभा सीट को 8 लाख से ज्यादा वोटों से जीतने की रणनीति के तहत बीजेपी कल से इंदौर में परिसर बैठकें शुरू करने जा रही है। पहली परिसर बैठक लोकमान्य नगर में की जाएगी। बीजेपी इंदौर में ऐसी कुल 1 हजार परिसर बैठक का आयोजन करेगी।
इन बैठकों का मकसद शहर के एक बहुत बड़े वर्ग को राजनीतिक दल से जोड़ना है। ऐसे लोग सभाओं और रैलियों में भी नहीं जाते हैं। ऐसे लोगों को साधने के लिए भाजपा ने घर-घर जाकर उनसे संपर्क करने की योजना बनाई है।
बीजेपी ने इस बैठक के लिए इंदौर के सभी 85 वार्डों में इसके लिए संयोजक नियुक्त किए जा चुके हैं। पार्टी ने परिसर बैठकों के लिए रणनीति तैयार कर ली है। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में प्रतिदिन पांच बैठकें होंगी। यानी इंदौर लोकसभा क्षेत्र के आठ विधानसभा क्षेत्रों में प्रतिदिन 40 से ज्यादा परिसर बैठकें होंगी।
पार्टी इन बैठकों के माध्यम से 1700 रहवासी संघों को जोड़ने जा रही है। बैठकों की व्यवस्था के लिए 200 कार्यकर्ताओं की टीम भी तैयार की गई है। इन बैठकों के माध्यम से शहर के एक लाख लोगों तक संवाद स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है। बीजेपी पदाधिकारियों ने बताया कि यह बैठकें कल से शुरू हो जाएगी। पहली बैठक का आयोजन लोकमान्य नगर में किया जाएगा।
परिसर बैठक के लिए बीजेपी ने बनाई टीम
परिसर बैठकों के आयोजन के लिए बीजेपी संगठन ने टीम का निर्माण भी कर लिया है। परिसर बैठक अभियान का संयोजक ओमप्रकाश यादव को बनाया गया है। इसके लिए 80 वक्ताओं का चयन भी किया गया है। टीम में पूर्व विधायक, पूर्व महापौर, महापौर, विधायक, नगर अध्यक्ष, पूर्व निगम मंडल के सदस्य, वरिष्ठ नेताओं के साथ साथ अलग-अलग क्षेत्रों के प्रोफेशनलों को शामिल किया गया है। परिसर बैठकों में विशेषकर बहुमंजिला इमारत, कालोनी और पॉश कालोनियों में संपर्क करने की योजना है। इस अभियान में करीब 200 कार्यकर्ताओं की एक समिति भी बनाई गई है।