नीमच। शहर की बृजनगरी कहे जाने वाले ग्वालटोली में भी पानी के लिए यहां के रहवासी परेशान है। वॉइस ऑफ़ एमपी की टीम ने पेयजल संकट पर आम जनता से बात की तो बताया गया कि नगरपालिका द्वारा जल वितरण चार-पांच दिन में किया जाता है। वह भी 15-20 मिनट के लिए और समय निर्धारित नहीं है।
आपकों बता दें कि ग्वालटोली क्षेत्र की आबादी करीब 6000 से अधिक है। ग्वालटोली क्षेत्र में 9, 10 और 11 तीन वार्ड आते हैं। क्षेत्र में मध्यम वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोग रहते हैं। प्राइवेट टैंकर डलवाना इनके बूते की बात नहीं है। महिलाओं का पूरा समय पानी की कशमकश में ही खप जाता है। नगर पालिका की ओर से टैंकर नहीं दिए जा रहे। पानी मटमैला आ रहा है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पार्षद प्रतिनिधि ओम दीवान ने कहा कि नगर पालिका की पेयजल वितरण व्यवस्था पूरी तरह से फेल हो चुकी है। पानी जैसी मूलभूत सुविधा के लिए शहर परेशान है। एक तरफ विकास के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं। वहीं धरातल पर लोग पानी की बूंद बूंद को तरस रहे हैं। जिम्मेदार बातें तो बड़ी-बड़ी कर रहे हैं लेकिन यथार्थ की धरातल पर पानी उपलब्ध कराने के मामले में फिसड्डी ही साबित हो रहे है।