नीमच। शहर में आवारा और खूंखार कुत्तों से त्रस्त महिलाओं ने आज नगर पालिका में प्रभारी सीएमओ डॉ रश्मि श्रीवास्तव और स्वास्थ्य अधिकारी घनश्याम नागदा से मिलकर ज्ञापन सौंपा और आवारा कुत्तों को पकड़ने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया है कि मालवा के पेरिस कहे जाने वाले नीमच में आवारा कुत्तों ने लोगों का घर से बाहर निकलना मुहाल कर दिया है। आए दिन झुंड बनाकर कुत्ते लोगों पर हमला करते हैं। बीते दिनों कई मासूम बच्चों पर कुत्तों ने जानलेवा हमला किया है। जिस कारण बच्चे राहगीर और दुपहिया वाहन चालक महिला पुरुष जख्मी हुए हैं। नगर पालिका और स्वास्थ्य महकमा कोई ठोस कार्रवाई करने में असफल रहा है। मंदसौर में हुई घटना के बाद नीमच में भी कोई अप्रिय हादसा ना हो जाए इसके लिए जिम्मेदारों को तुरंत कदम उठाना चाहिए।
सीएमओ डॉक्टर रश्मि श्रीवास्तव ने कहा कि हम उपाय ढूंढ रहे हैं। बताते चलें कि कल भी नीमच की स्कीम नंबर 34 में एक मजदूर परिवार के मासूम बच्चे पर कुत्तों के झूंड ने हमला कर दिया था। जरूरी है कि शहरवासियों की जान की सुरक्षा के लिए आवारा कुत्तों से निजात दिलाई जाए।