नीमच। शहर की बोहरा कॉलोनी स्कीम नंबर 36 बी में मोबाइल कंपनी एयरटेल कंपनी द्वारा टावर लगाने के विरोध में कॉलोनीवासी आज कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। इस संबंध में कॉलोनीवासियों ने कलेक्टर दिनेश जैन से आज कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुलाकात की और उनसे आग्रह किया कि रिहायशी इलाके में एयरटेल कंपनी को टावर ना लगने दिया जाए। पूर्व में भी पिछले वर्ष कंपनी द्वारा टावर लगाने की कवायद की गई थी। लेकिन यहां के रहवासियों की विरोध के बाद और प्रशासन द्वारा निरस्त किए जाने के आदेश के बाद टावर लगाने का काम बंद कर दिया गया था।
रहवासियों का कहना है कि आबादी वाले क्षेत्र में बिना अनुमति के टावर लगाना नियमों के विरुद्ध है। रेडिएशन, हाई टेंशन लाइन और बच्चों पर होने वाले विपरीत प्रभाव का हवाला कॉलोनी के महिलाओं पुरुष दे रहे हैं। कलेक्टर दिनेश जैन ने कॉलोनीवासियों को उचित कार्यवाही के लिए आश्वस्त किया है। कंपनी और भूमि स्वामी सुशीला पति मुन्ना लाल द्वारा टावर लगाने को लेकर कालोनीवासियों के विरोध के बावजूद जबरन जेसीबी चलाई जा रही है। कॉलोनी के महिला और पुरुष टावर लगाने का लामबंद होकर जोरदार विरोध कर रहे है। लेकिन कंपनी के लोग पूरी दादागिरी के साथ नियम कानून तोड़कर अपना कार्य करने पर आमादा है।