भगवानपुरा। खरगोन जिले के वनरेंज बिस्टान के ग्राम हल्दीया घाटी में बीती रात तेंदुए ने बाड़े में बंधी बकरियों का शिकार कर लिया। सुबह बकरियों को क्षत, विक्षत हालत में मृत देख गांव में सनसनी फेल गई। तत्काल इसकी सूचना वन अमले को दी गई। डीएफओ प्रशांत सिंह ने तेंदूए के हमले की पुष्टि की है।
बकरी पालक बिंदा रावत ने बताया कि बुधवार-गुरुवार की रात जंगली जानवर ने घर का लकड़ी का टट्टा तोड़ा और घर के बाहर खेत में पांच बकरियों को खा गया। वह घर के दूसरे कमरे में सोया हुआ था। सुबह 2 बकरी घर के बाहर और 3 बकरी घर के पास अपने खेत में मृत दिखाई दी। जंगली जानवर के बकरियों पर किये हमले की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण इकठा हो गए। वनकर्मियों ने मौका मुआयना कर पंचनामें की कार्रवाई की। डीएफओ ने बताया कि बकरियों पर तेंदुए के हमले की आशंका है। बकरी पालक को नियमानुसार मुआवजा दिलाया जाएगा।