नीमच। जिले के रामपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत बारवडिया के गांव अमेढ स्थित गांधी सागर डैम के बैक वॉटर में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। युवक 23 जुलाई को ही वेस्ट बंगाल से खिमला प्लांट में मजदूरी करने के लिए आया था। अभी उसकी कंपनी में काम करना शुरू नहीं किया था। वह आकर अपने भाई के साथ रुका था।

खाना खाकर बाहर निकला था-
बताया जा रहा है कि बुधवार शाम को वह खाना खाकर बाहर निकला था। जब वह काफी देर तक नहीं वापस लौटा तो सभी ने उसकी तलाश शुरू की। हालांकि, दो दिन बाद उसकी लाश गांधीनगर डैम के बैक वाटर में मिली। मृतक युवक सुकरा उरांव पिता बुधवा उरांव (24), पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिला के नगर काटा थाना क्षेत्र के 9 ग्रासमोर खासमारी का रहने वाला था।

पानी से निकालकर बनाया पंचनामा-
सूचना पर रामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पानी से निकालकर पंचनामा बनाकर रामपुर के शासकीय चिकित्सालय भेजा है। जहां पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि मृतक के शव को अंतिम संस्कार के लिए वेस्ट बंगाल स्थित गांव ले जाया जाएगा।
