नीमच। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर एक और जहां देशवासियों की छाती अपनी सेना के वीर जवानों की बहादुरी के चलते गर्व से फूल जाती है तो दूसरी तरफ उस युद्ध में कई वीर बहादुर सैनिकों को खो देने की याद से आंखें नम हो जाती है। आज नीमच में शहीद स्मृति स्मारक पर 26 जुलाई कारगिल विजय दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद जिला नीमच और फाईव मध्य प्रदेश स्वतंत्र कंपनी एनसीसी कैडेट की ओर से अमर शहीदों को पुष्पचक्र और फूल माला अर्पित कर नमन किया गया।दो मिनट का मौन रखकर मां भारती के सपूत शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि दी गई।
इस अवसर पर 1999 कारगिल युद्ध में भाग लेने वाले पूर्व सैनिक कैप्टन वली मोहम्मद,सूबेदार पर्वत सिंह, हवलदार कुशाल सिंह और राजेंद्र गौड़ का पुष्पाहार पहना कर अभिनंदन किया गया। बताते चलें कि भारतीय सेना ने कारगिल युद्ध में दो माह तक बहादुरी से दुश्मन की फौज से लड़ाई लड़ते हुए विजय हासिल की थी और उसे नियंत्रण रेखा के पार खदेड़ कर सभी चोटियों पर पुनः कब्जा कर लिया था। आज कारगिल विजय दिवस के अवसर पर एनसीसी की नीमच यूनिट द्वारा आंतरी गांव जाकर शहीद नायक तेज सिंह की धर्मपत्नी राम कन्या बाई और ढाबा गांव में शहीद सवार तूफान सिंह की धर्मपत्नी मंजू कुंवर को सम्मानित कर श्रद्धांजलि और शब्दांजलि दी गई। शहीद स्मृति स्मारक पर आज आयोजित कार्यक्रम में अंश योगी ने कारगिल युद्ध के बारे में सारगर्भित जानकारी दी।
इस अवसर पर कर्नल रिजवान खान, हवलदार रामदास कुडेकर, हवलदार विकास मोरे, ऑफिसर कुलदीप सिंह चंद्रावत, एनसीसी कैडेट और अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन संगठन के जिला अध्यक्ष देवेंद्र सिंह परिहार ने किया।