नीमच। शहर की यातायात पुलिस द्वारा शहर के गांधी वाटिका के आस-पास माल खाली करने और भरने हेतु खड़े वाहनों के खिलाफ चालानी कार्यवाही की गई। एक गाड़ी को जप्त कर थाने पर खड़ा करवा दिया गया। सात वाहनों के चालान बनाए गए।
इस बारे में जानकारी देते हुए मौके पर मौजूद यातायात प्रभारी उर्मिला चौहान ने बताया कि इस जगह पर टाउन हॉल और खेल का मैदान है। यहां पर समझाइश देने के बावजूद कुछ ट्रांसपोर्टर्स द्वारा वाहन खड़े करवा कर सामान लोडिंग अनलोडिंग का काम किया जाता है, जिससे यातायात में बाधा उत्पन्न होती है और दुर्घटना होने का खतरा बना रहता है।
रहवासियों ने भी सीएम हेल्पलाइन में इस मामले में शिकायत की है। यातायात विभाग के अधिकारियों द्वारा आज ट्रांसपोर्टर्स और ड्राइवरों को आगे से वाहन ना खड़ा करने के लिए सख्त हिदायत भी दी गई। बतातें चले कि इस पूरे क्षेत्र में दिनभर ट्रक टेंपो और भारी वाहनों को खड़ा कर सामान भरने और खाली करने का काम किया जाता है।