सरवानिया महाराज। समीप स्थित ग्राम जगेपुर मीणा की नई आबादी भीलों की बस्ती में रहने वाले लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। लगातार बारिश से भीलों की बस्ती में पहुंचने वाला रास्ता पानी से भर गया है। जनपद जावद की ग्राम पंचायत बसेड़ी भाटी के ग्राम जगेपुर मीणा की भीलों की बस्ती में करीब एक दर्जन परिवार निवास करते तो है लेकिन यहां सरकार की कोई भी योजना इतने वर्षों बाद भी नहीं पहुंची है। यहां के रहवासी नारकीय जीवन जीने को मजबुर है। ना शोचालय ना प्रधानमंत्री आवास। कच्चे मकान झोपड़ीनुमा घर इस बस्ती की पहचान है। अब बारिश के कारण इस बस्ती के लोगों को आने जाने में परेशानी उठानी पड़ रही है। बच्चों का स्कूल जाने से लेकर रोजमर्रा के काम प्रभावित हो गये है।
ग्राम के जागरूक समाज सेवी मदनलाल नागदा ने बताया कि सालों से भीलों की बस्ती में सरकारी सुविधाएं नहीं पहुंची है। यहां आने जाने वाले रास्ते पर पुलिया निर्माण नहीं होने से बारिश में आना जाना प्रभावित हो जाता है। पंचायत राज के हुक्मरानों को कई बार अवगत करवाया गया लेकिन सरकारी सुविधाएं यहां नहीं पहुंची। मामले में सरपंच समरथ रावत ने कहा कि भीलों की बस्ती में पानी भर जाने से रास्ता बंद हो गया है, पहले लोग ऐसी स्थिति में पास से होकर निकलते थे लेकिन अब वहां अतिक्रमण के चलते लोगों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है। समाधान करने के लिए प्रयासरत हैं।