गरोठ। स्कॉर्पियो और पिकअप की आमने-सामने से भिड़ंत में चार लोगों की मौत हो गई। हादसा दिल्ली-मुम्बई एक्सप्रेस वे पर बीती रात हुआ। स्कॉर्पियो में तीन दोस्त सवार थे। इन तीनों समेत पिकअप ड्राइवर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
शामगढ थाना प्रभारी उदयलाल अलावा ने बताया कि एक्सीडेंट बर्डिया पूना देवरी गांव के पास रात करीब 01 बजे हुआ। एक्सप्रेस वे पर रॉन्ग साइड आ रही स्कॉर्पियो एमपी 14 जेडएल 9680 ने सामने से आ रहे लोडिंग पिकअप आरजे 17 जीए 8600 को टक्कर मार दी।
स्कॉर्पियो में गरोठ तहसील के भामखेड़ी 25 वर्षीय निवासी शंकर सिंह, 25 वर्षीय गोविंद सिंह और 25 वर्षीय बालू सिंह सवार थे। पिकअप राजस्थान के झालावाड़ जिले का रहने वाला 27 वर्षीय सूरजमल प्रजापति चला रहा था। चारों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पिकअप सवार 38 वर्षीय संतोष कुमार पिता नंदलाल जैन घायल है। उसे शामगढ़ सिविल हॉस्पिटल से मंदसौर जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
स्कॉर्पियो सवार तीनों दोस्त किसी कार्यक्रम से घर लौट रहे थे जबकि पिकअप चालक भवानी मंडी से मैथी दाना लेकर रतलाम जिले की जावरा मंडी जा रहा था। पुलिस ने शवों को शामगढ़ सिविल हॉस्पिटल के मर्चुरी रूम में रखवाया है। पोस्टमॉर्टम के बाद इन्हें परिजन को सौंपा जाएगा।