ग्वालियर। गणेश महोत्सव 2024 की धूम हर जगह देखी जा रही है। 7 सितंबर से शुरू होने वाले इस उत्सव के लिए घरों और पंडालों में गणपति बप्पा के आगमन को लेकर हर ओर उत्साह का माहौल है। भक्त अपने घर में गणपति बप्पा को विराजित करने के लिए बाजार में पहुंच रहे हैं। लेकिन इस बार लोग इको फ्रेंडली गणेश जी को स्थापित करने में ज्यादा उत्सुक नजर आ रहे हैं।
ग्वालियर के बाजारों में हर जगह गणपति बप्पा की मूर्तियां नजर आ रही है। कही महादेव की गोद मे बैठे गणपति तो कहीं सिंदूरवर्ण गणपति को भक्त अपने घर ले जा रहे है। लेकिन सबसे ज्यादा भक्त ईको फ्रेंडली गणेशजी के प्रति आकर्षित नजर आ रहे है। मूर्ति विक्रेता भी पूरी तरह से मिट्टी से निर्मित गणेश प्रतिमाओं को बाजार में लेकर पहुंचे है। मूर्ति विक्रेताओं द्वारा पर्यावरण के प्रति लोगो को जागरूक करने के लिए एक विशेष पहल भी की है। जो भी भक्त इको फ्रेंडली मिट्टी से बनी गणेश प्रतिमा खरीदने पहुंच रहा है, मूर्ति विक्रेता उन्हें गणेश प्रतिमा के साथ रेशम की माला,लाल कपड़ा, फल-फूल-सब्जी के ऑर्गेनिक बीज और एक खाली पॉट दे रहे है।
मूर्ति विक्रेताओं का कहना है कि पिछले साल भी वह मिट्टी के गणेश लेकर बाजार में आए थे। लेकिन लोग इनके प्रति ज्यादा जागरूक नहीं दिखाइ दिए थे। जबकि इस बार जब उन्हें गणेश प्रतिमा के साथ माला,आसन का लाल कपड़ा,ऑर्गेनिक सब्जी फूल फल के बीज और उसे लगाने के लिए पॉट फ्री में मिल रहा है तो वह ज्यादा आकर्षित नजर आ रहे है।