नीमच। जिले में आज शनिवार को गणेश चतुर्थी का पर्व बड़े ही हर्षाेल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। भक्तों ने जगह-जगह शुभ मुहूर्त में भगवान गणेश की स्थापना की। 10 दिनों तक चलने वाले इस उत्सव को लेकर बाजारों में भी उत्साह दिखाई दिया। विघ्नहर्ता भगवान गणेश की मूर्ति खरीदने के लिए दुकानों पर भक्तों की भारी भीड़ दिखाई दी। शहर में विजय टॉकीज चौराहा, लायंस पार्क, दशहरा मैदान, गोमाबाई रोड सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भक्तों बड़े आकार की मूर्तियां स्थापित की।
शहर में 100 अधिक स्थानों पर विराजे विघ्नहर्ता-
शहर के मुख्य चौराहा व गली मोहल्लों में इस बार 100 से ज्यादा स्थानों पर भक्तों ने विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश की मूर्ति की स्थापना की। अब 10 दिनों तक गणेश उत्सव की धूम रहेगी। बड़ी संख्या में भक्त इन पांडालों तक पहुंचकर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। इन पांडालों में प्रतिदिन अलग-अलग झांकियां भी सजाई जाएगी।
गणेश चतुर्थी पर रहा दुर्लभ ब्रह्म योग-
पंडितों के मुताबिक इस वर्ष गणेश चतुर्थी पर दुर्लभ ब्रह्म योग रहा। यह संयोग दिनभर रहा। इसके समापन के बाद इंद्र योग का संयोग बना। भाद्रपद माह के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि 7 सितंबर को सुबह 4 बजकर 20 मिनट पर भद्रावास योग का निर्माण हुआ जो संध्याकाल में 5 बजकर 37 मिनट तक समाप्त हुआ। सनातन शास्त्रों के मुताबिक भद्रा के पाताल में रहने के दौरान पृथ्वी पर सभी जीवों का कल्याण होता है। इस शुभ योग में भगवान गणेश की पूजा करने से जीवन में व्याप्त दुख एवं कष्ट दूर होते हैं।