नीमच। जिले के अठाना नगर में महिलाओं ने हरतालिका तीज पर्व मनाया। परिवार की खुशहाली और समृद्धि की कामना के लिए तीज माता का व्रत रखा। शाम को पूजा स्थल पर बालू रेती से भगवान गणेश, शिव, पार्वती और कार्तिक की मूर्तियां बनाईं और स्थापना की। भगवान शिव की पूजा बेलपत्र और विभिन्न प्रकार के पौधों की पत्तियों और फूलों से की। देवी पार्वती का सोलह श्रृंगार किया। महिलाओं ने दिनभर निर्जला व्रत रखा और रात को मंदिर में कथा सुनकर पूजा-अर्चना की। रातभर महिलाओं ने भजन-कीर्तन किया और सुबह 5 बजे गंभीरी नदी पर ओम नमः शिवाय का जाप करते हुए बालू रेत से बनाए शिव, पार्वती और गणेशजी की मूर्तियों का विसर्जन किया।