बीना। सागर में डॉक्टरों की लापरवाही के कारण एक महिला की मौत हो गई। परिजन का कहना है कि एक साल पहले खुरई के रीठौर मिशन अस्पताल में महिला की सिजेरियन डिलीवरी हुई थी। इस दौरान डॉक्टरों ने उसके पेट में कपड़ा छोड़ दिया था। जिसके बाद से उसे पेट में तकलीफ होने लगी। 11 महीने तक दर्द सहने के बाद महिला ने शनिवार को दम तोड़ दिया।
शनिवार रात को परिजन महिला का शव लेकर खुरई पहुंचे। यहां नेशनल हाईवे बीना-सागर रोड स्थित रीठौर मिशन अस्पताल के सामने चक्काजाम कर दिया। उनकी मांग थी कि डॉक्टर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो और बच्ची के भरण पोषण के लिए आर्थिक मदद मिले। देहात थाना प्रभारी धनेंद्र यादव, शहरी थाना प्रभारी शशि विश्वकर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के आश्वासन के बाद धरना बंद हुआ। आज शव का पोस्टमॉर्टम होगा।
खुरई देहात थाना प्रभारी धनेंद्र यादव ने बताया कि मर्ग कायम कर लिया गया है। आज शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। पीएम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच की जा रही है।