नीमच। शहर से राजस्थान के गढ़बोर धणी चारभुजा के लिए 34वीं पैदल यात्रा रवाना हुई। इसमें 350 से ज्यादा भक्त 250 किमी पैदल चलकर जलझूलनी एकादशी पर श्री चारभुजा नाथ के दरबार में पहुंचेंगे।
श्री चारभुजा मित्र मंडल के राजेंद्र मंडोवरा ने बताया कि नीमच में नयाबाजार स्थित प्राचीन बड़े बालाजी मंदिर में पूजा-अर्चना व दर्शन के पश्चात बैंडबाजों के साथ 34वीं चारभुजा पैदल यात्रा प्रारंभ हुई। यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए नयागांव से राजस्थान में प्रवेश किया। यात्रा में नीमच, रतनगढ़, डीकेन, सरवानिया महाराज, बावल, जाट, कनेरा, खेड़ा केसुंदा, सुबी सहित अन्य नगरों व ग्रामीण क्षेत्रों के 350 से ज्यादा भक्त शामिल हैं। जो करीब 250 किमी लंबा सफर पैदल तय कर 13 सितंबर को चारभुजा पहुंचेंगे। जहां 14 सितंबर को जलझूलनी एकादशी पर चारभुजा के दर्शन कर क्षेत्र में सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना कर आशीर्वाद लेंगे। अगले दिन 15 सितंबर को सुबह 9.30 बजे प्रसादी लेंगे और दोपहर 12.30 बजे वापसी करेंगे। चारभुजाजी के लिए निकाली पैदल यात्रा में शामिल भक्तजन।