नीमच। शहर के सबसे बड़े यादव समाज में लंबे समय से दो अध्यक्ष का विवाद चल रहा था। इस विवाद को खत्म करने के लिए पुलिस और प्रशासन की अहम भूमिका रही। तहसीलदार संजय मालवीय की मध्यस्थता और निगरानी में विवाद को समाप्त कराने के लिए यादव महासभा अध्यक्ष पद के चुनाव कराए गए, जिसमे समाज के 10 वरिष्ठ लोगों की समिति बनाई गई, जिसके नेतृत्व में रविवार को स्थानीय यादव मंडी स्थित सत्यनारायण मन्दिर परिसर में चुनाव संपन्न हुए। चुनाव में सिर्फ दो प्रत्याशी ने ही दावेदारी की और उनके बीच ही लोकतांत्रिक प्रक्रिया से मतदान के माध्यम से चुनाव कराए गए, जिसमें मनीष गोयल को सुदर्शन चक्र और पवन कुंगर को बांसुरी चुनाव चिन्ह आवंटित किया गया। सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदाताओं ने अपने मत का उपयोग किया। इस दौरान कुल 2206 वोट डाले गए। वहीं 4 बजे बाद मतगणना भी शुरू हुई। मतगणना में मनीष गोयल को 1445 वोट मिले। जबकि पवन कुंगर को 738 वोट पर ही संतोष करना पड़ा। 23 वोट निरस्त हुए और मनीष गोयल 707 वोटों से विजयी घोषित किए गए।
प्रशासन की निगरानी में बनी चुनाव समिति में मंगल मौर्य, घनश्याम प्लास, रमेशचंद्र कणिक, तुलसीदास कुंगर, एडवोकेट मयंक प्लास, रतनलाल कणिक, प्रताप प्लास सहित अन्य सदस्यों ने चुनाव सम्पन्न कराए। साथ ही चुनाव गणना के विजय घोषित होते ही समाजजनों ने जमकर आतिशबाजी के साथ ढोल तमाशों के साथ विजय जुलूस निकाला जो शहर के प्रमुख मार्ग, अम्बेडकर कालोनी होते हुवे पुनः सत्यनारायण मन्दिर पहुंचकर समाप्त हुआ।