शाजापुर। स्थानीय महिला मंडल में अखिल भारतीय साहित्य परिषद शाजापुर द्वारा शहर के मशहूर समाज सेवी, शायर, आस्थाना वारसी के प्रमुख तथा सद्भावना सम्मेलन को जागृत करने वाले स्व. सैय्यद साजिद अली वारसी सा. की श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस सभा में उनके परिवार के सदस्यों, मित्रों, और गणमान्य अतिथियों ने भाग लिया।
श्रद्धांजलि सभा में डॉ बसंत कुमार भट्ट ने उनके जीवन और उनके योगदान के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि साजिद अली वारसी एक महान व्यक्तित्व थे जिन्होंने अपना सम्पूर्ण जीवन समाज के लिए समर्पित कर दिया। वे शहर की शांति एकता और सद्भावना के लिए वे हमेशा प्रयास करते रहे। इस सभा में कई सम्मानित अतिथियों ने भी भाग लिया। पुर्व विधायक पुरूषोत्तम चन्द्रवंशी ने उनके जीवन और उनके योगदान के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि वो ऐसी शख्सियत थे कि उन्होंने बड़ी से बडी हस्तियों को भी शाजापुर जैसे छोटे शहर में बुलाने का प्रयास किया। डॉ जगदीश भावसार ने कहा कि वारसी साहब शाजापुर के एक ऐसे व्यक्ति थे जिनको शहर के प्रत्येक व्यक्ति से लगाव था।
डॉ विद्याशंकर विभूति ने कहा हम उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को आयोजन कर विद्यार्थियों को परिचय कराएंगे। उनके छोटे भाई खालिद वारसी ने कहा की उन्होंने पारिवारिक जिम्मेदारियां और आस्ताना की जिम्मेदारियों को पुर्ण रुप से निभाया। वो हमारे वारसी परिवार के केन्द्र बिन्दु थे। कवि पंकज पलाश ने कहा कि उनकी इच्छा थी कि उनकी पुस्तक प्रकाशित की जाय। पंकज पलाश ने आश्वासन दिया है कि हम सब साहित्यकार मिलकर प्रयास करेंगे। साहित्य परिषद के अध्यक्ष जितेन्द्र देवतवाल श्ज्वलंतश् ने कहा कि वे एक अच्छे शायर थे। उन्होंने हमेशा दूसरों की मदद की और समाज को बेहतर बनाने के लिए काम किया।
मशहूर शाजापुरी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि वे कवि गोष्ठी और मुशायरे कि शान हुआ करते थे उनकी ग़ज़लें दिल को छू जाती थी। प्रसिद्ध शायर हनीफ राही ने वारसी परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त कर उनके जीवन की कई घटनाएं और उनकी ग़ज़लों पर अपने विचार व्यक्त किए। कैलाश गोंड ने वारसी साहब को स्मरण करते हुए उनके ही ग़ज़ल और शेर सुनाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस सभा में कई लोगों ने उनके के जीवन के बारे में अपने विचार व्यक्त किए और उन्हें श्रद्धांजलि दी। तथा कार्यक्रम का संचालन साहित्य परिषद की संरक्षक एवं परामर्शदाता संतोष शर्मा ने किया।
अंत में दो मिनिट का मोन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। फिर सभी ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की। अंत में साहित्य परिषद के अध्यक्ष जितेन्द्र देवतवाल श्ज्वलंतश् ने सभी गणमान्यजनों का धन्यवाद और आभार प्रदर्शन किया। इस सभा में पुर्व विधायक पुरुषोत्तम चन्द्रवंशी, डॉ जगदीश भावसार, विरेन्द्र व्यास, डॉ विद्याशंकर विभूति, कैलाश गोंड, सहित्य परिषद के अध्यक्ष जितेन्द्र देवतवाल श्ज्वलंतश्, हनीफ राही, पंकज पलाश, मशहूर शाजापुरी, अमन जादोन, अर्पित शर्मा, अंकित आचार्य, सज्जाद अहमद कुरैशी, संजय बारोडें, अंबर वारसी, खालिद वारसी, राजु वारसी, अकरम बाबा, अफसार खान, पप्पु पत्रकार तथा उनके मित्रगण, परिवार के सदस्य उपस्थित थे।