मोरवन। समीप स्थित ग्राम पंचायत के बसेड़ी भाटी के अंतर्गत आने वाली चौहान (बंजारा) बस्ती में रहने वाले लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। लगातार बारिश से बस्ती में पहुंचने वाला रास्ता पानी से भर गया है। जनपद जावद की ग्राम पंचायत बसेड़ी भाटी की चौहान बस्ती में लगभग 35 वर्षो से करीब एक दर्जन से अधिक परिवार निवास करते है लेकिन यहां रह रहे लोगो को सरकार को कोई चिंता नहीं है। अब बारिश के कारण इस बस्ती के लोगों को आने जाने में परेशानी उठानी पड़ रही है। बच्चों का स्कूल जाने से लेकर रोजमर्रा के काम प्रभावित हो गये है। कोई बीमार हो जाए तो उसे समय पर अस्पताल नही पहुंचाया जा सकता है साथ ही बच्चे तीन से चार फिट पानी में गुजरकर स्कूल जाते है। पूर्व मंत्री द्वारा एक वर्ष पूर्व 7 लाख 83 हजार स्वीकृत कर पुलिया का शिलान्यास भी किया गया लेकिन अभी तक एक ईंट भी नहीं लगाई गई है।
मंगलवार को चौहान बस्ती के लोग नीमच कलेक्टर के पास भी पहुंचे और ज्ञापन देकर बताया कि जल्द से जल्द हमारे गांव में जाने का रास्ता व बीच की पुलिया बनाए और चेतावनी देते हुए बताया कि 7 दिन के अंदर हमारी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो हम जन आंदोलन करेगे।
चौहान बस्ती के प्रकाश चौहान ने बताया कि सालों से हमारी बस्ती में सरकारी सुविधाएं नहीं पहुंची है यहां आने जाने वाले रास्ते पर पुलिया निर्माण नहीं होने से बारिश में आना जाना प्रभावित हो जाता है। सरपंच और सचिव को कई बार अवगत करवाया गया लेकिन सरकारी सुविधाएं यहां नहीं पहुंच रही है। विगत जुलाई 2023 में पूर्व मंत्री विधायक द्वारा 7 लाख 83 हजार रूपए पास कर पुलिया का शिलान्यास किया गया लेकिन एक साल बीत जाने के बाद भी अभी तक इस ओर कोई काम नहीं हुआ हैं।