चित्तौड़गढ़। मेवाड़ के प्रख्यात कृष्णधाम श्री सांवलियाजी मंदिर में सांवरा सेठ के जयकारों के बीच गुलाल उड़ी और भादो में श्रद्धालुओं ने आराध्य के साथ जमकर फाग खेला। शनिवार को जलझूलनी एकादशी पर भगवान की रथयात्रा निकाली गई। जिसमें देश-विदेश से आए श्रद्धालु शामिल हुए।
राजभोग आरती के बाद मंदिर पुजारियों ने भगवान के बाल स्वरूप को शीश पूजा अर्चना के बाद सिंहासन में विराजित किया।
मंदिर के पुजारी परिवार ने श्री सांवलिया के बाल विग्रह वाले सिंहासन को निज मंदिर से लाकर चांदी के रथ पर स्थापित कर रथयात्रा निकाली। इस दौरान श्रद्धालु हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की के जयकारे लगा रहे थे।
भगवान को रजत रथ में स्थापित करने के बाद श्रद्धालुओं ने जमकर जयकारे लगाए। इस बीच अध्यक्ष भैरूलाल गुर्जर, सीईओ व एडीएम राकेश कुमार समेत असंख्य लोगों ने भगवान सांवलियाजी के विग्रह पर पुष्प वर्षा, गुलाल उड़ाकर और नमन कर अगवानी की।
रथयात्रा मंदिर परिसर से बाहर निकली, जिसमें सबसे आगे ध्वज लिए सेवक, दो हाथियों पर सवार पुजारी परिवार के सदस्य, 2 ऊंटों पर नक्कारखाना चला। साथ ही 6 बैंड, 2 दर्जन से अधिक मालवी ढोल, ध्वज निशान, रजत छड़ी के साथ बड़ी संख्या में भक्त भी शामिल हुए।
रात को मंदिर पहुंचेगी शोभायात्रा
यह शोभायात्रा में राधाकृष्ण मंदिर, कुरेठा नाका मंदिर, नीमचौक मंदिर, कुम्हारों का मोहल्ला मंदिर के बैवाण भी शामिल होते गए। रथयात्रा शिव मंदिर चौक से, राधाकृष्ण मंदिर, गढी का देवरा और मस्जिद के पास होते हुए कबूतर खाना पहुंचेगी। रथ यात्रा के सांवलिया स्नान घाट पहुंचने पर मुख्य पुजारी सांवलिया को और अन्य मंदिरों के पुजारियों द्वारा अपने मंदिर के विग्रहों को जल में झुलाकर स्नान कराया जाएगा। रथ यात्रा वापस कबूतर खाना ब्रह्मपुरी, जैन मोहल्ला, सदर बाजार होते हुए लगभग रात 8 बजे मुख्य मंदिर पहुंचेगी, जहां पर ठाकुर जी का रंगीन और आकर्षक आतिशबाजी से स्वागत किया जाएगा। करीब 2 किमी की दूरी तय करने में सांवलियाजी की इस रथयात्रा को काफी टाइम लग सकता है।
हेलिकॉप्टर रहा आकर्षण का केन्द्र
सांवलियाजी मेले में शनिवार को भगवान की रथयात्रा पर मंदिर पदाधिकारियों ने हेलीकॉप्टर से कई चक्कर काटते हुए गुलाब की पंखुड़िया बरसाई। जिसका लोगों में आकर्षण रहा। यहां देश के अलग अलग राज्यों से आए भक्त भी मंत्रमुग्ध हो गए। इसके अलावा भक्त जनों ने एक दूसरे को गुलाल लगाकर खुशियां मनाई। पूरा मंदिर परिसर ही नहीं पूरा कस्बा गुलाल के रंगों से रंगा हुआ नजर आया। मानो यहां गोकुल की होली खेली जा रही हो।
रात को होंगे प्रोग्राम
मेला ग्राउंड के मीरा रंगमंच में भजन संध्या कार्यक्रम का आयोजन होगा, जिसमें भगवत सुथार में दल द्वारा प्रस्तुति दी जाएगी। वहीं, गोवर्धन रंगमंच में पूजा नथनी में दल द्वारा भजन संध्या का आयोजन होगा। इसके अलावा मंडफिया बाईपास स्टेज पर प्रख्यात भजन गायक श्री राज पारिक, छोटू सिंह रावणा और सवाई भाट भी अपने भजनों की प्रस्तुति देंगे। इसी तरह रात के करीब 1 से गोवर्धन रंगमंच पर सांस्कृतिक प्रोग्राम होगा। जिसमें तन्मय बकारिया (तारक मेहता का उल्टा चश्मा फेम बाघा) शामिल होंगे। इनके अलावा इंडियाज लाफ्टर चौंपियन फिल्म हिमांशु बवंडर भी प्रोग्राम में शामिल होंगे।