नीमच। शहर में आज बोहरा समाज ने ईद मिलाद उन नबी का पर्व बड़े ही हर्षाेल्लास के साथ मनाया। ईद मिलाद उन नबी के इस पावन पर्व पर हर साल की तरह इस वर्ष भी बोहरा समाज द्वारा बड़े ही धूमधाम से जुलूस निकाला गया। नीमच के आमिल साहब शेख मुर्तजा भाई साहब के नेतृत्व में निकले जुलूस में समाजजन कौमी परिधान धारण कर शामिल हुए।

ईद मिलाद उन नबी का जुलूस बोहरा गली से शुरू होकर कमल चौक, फव्वारा चौक, बारादरी, घंटाघर, पुस्तक बाजार होते हुए पुनः बोहरा गली पहुंचकर समाप्त हुआ। जुलूस में सबसे आगे घोड़े पर सवार समाज के लोग, बैंड, स्पोर्ट्स बाइक, जीप, घोडा बग्गी, समाज का स्काउट बैंड, मदरसा के बच्चे सहित समाजजन शामिल हुए। ईद मिलाद उन नबी का जुलूस बुरहानी गॉर्डस के तत्वावधान में निकाला गया।

जगह-जगह हुआ जुलूस का स्वागत-
बोहरा समाज द्वारा ईद मिलाद उन नबी के उपलक्ष्य में निकाले गए भव्य जुलूस का शहर के कई स्थानों पर समाजसेवी संगठनों व जनप्रतिनिधियों ने पुष्प वर्षाकर स्वागत किया। शहर के फोर जीरो चौराहा पर विधायक दिलीप सिंह परिहार ने समाज के पदाधिकारियों का इस्तकबाल किया। वहीं कांग्रेस के साबिर मसूदी ने टैगोर मार्ग पर पुष्प वर्षा कर जुलूस का स्वागत किया और समाजजनों को पावन पर्व की शुभकामनाएं दी।
