नीमच। शहर में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी मुस्लिम समाजजनों द्वारा ईद मिलाद उन नबी का पर्व बड़े ही हर्षाेल्लास के साथ मनाया जा रहा है। ईद मिलाद उन नबी के इस पावन पर्व पर हर साल की तरह इस वर्ष भी बोहरा समाज द्वारा बड़े ही धूमधाम से जुलूस निकाला गया। नीमच के शहर काजी जनाब सद्दाम हुसैन अत्तारी और मुस्लिम इंतजामिया कमेटी के नेतृत्व में निकले जुलूस में समाजजन कौमी परिधान पहनकर शामिल हुए।
ईद मिलाद उन नबी का जुलूस सुबह 9 बजे जामा मस्जिद से शुरू होकर फव्वारा चौक, बारादरी, भोजू चौराहा, नयाबाजार, घंटाघर, जाजू बिल्डिंग, पुस्तक बाजार, फोर जीरो, कमल चौक होते हुए पुनः जामा मस्जिद पहुंचकर समाप्त हुआ। जुलूस में सबसे आगे घोड़े पर सवार समाज के लोग, बैंड, घोडा बग्गी, शहर के समस्त मदरसों के बच्चे सहित समाजजन शामिल हुए। साथ ही जहां छोटे छोटे बच्चों के हाथ में झंडे लेकर आका की आमद पर देखो हमारे नवी की शान बच्चा बच्चा है कुर्बान के नारे लगाते नजर आए। वहीं युवा डीजे की धुन पर मेरे सरकार आये की धुन पर झूमते नजर आए। साथ ही हिंदुस्तान जिंदाबाद के नारे बुलन्द आवाज में लगाते हुए दिखाई दिए।
मुस्लिम समाज द्वारा ईद मिलाद उन नबी के उपलक्ष्य में निकाले गए भव्य जुलूस का शहर के कई स्थानों पर समाजसेवी संगठनों व जनप्रतिनिधियों ने पुष्प वर्षाकर स्वागत किया। साथ सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल भी चप्पे चप्पे पर तैनात रहा।