मंदसौर। अनन्त चतुर्दशी पर्व पर आज 17 सितम्बर 24 मंगलवार को रात्री 8.30 बजे से आकर्षक एवं नयनाभिराम इंदौर को भुलाने वाली 15 झांकियों का कारवां निकलेगा, साथ ही 8 अखाड़े अपने हैरतं अगेज करतब दिखाएंगे। गणपति विर्सजन का 60 वा चल समारोह रात्रि 8.30 बजे श्री द्विमुखी चिन्ताहरण गणपति मंदिर पर परम्परानुसार जिला कलेक्टर अदिति गर्ग, एवं जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक आनन्द द्वारा पूजा अर्चना किये जाने के बाद 15 झांकियां व 8 अखाड़ों के साथ आरम्भ होगा।
इस आशय की जानकारी देते हुए श्री केंद्रीय गणेशोत्सव समिति के संरक्षक पंडित दिलीप शर्मा, अध्यक्ष नरेंद्र अग्रवाल , परामर्शदाता राधेश्याम शर्मा पाटर्नर , आर सी जैन ( महा प्रबन्धक जिला सहकारी बैंक ), संयोजक बसन्त शर्मा (जनपद अध्यक्ष) प्रदीप भाटी, महा सचिव गोपाल मंडोवरा ने बताया कि
अनंत चतुर्दशी के चल समारोह में श्री द्विमुखी चिंताहरण गणपति मंदिर, राधेश्याम शर्मा एंड पार्टनर, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, सकल वाल्मीकि समाज नगर पालिका, श्री राम गणेश उत्सव समिति राम टेकरी, देहली गेट गणेश उत्सव समिति सम्राट मार्केट , संयुक्त माली समाज दया मन्दिर, श्री कृष्ण गणेश उत्सव समिति नयापुरा, गणेश नवयुवक मंडल मुल्तानपुरा, श्री भेरुवनाथ नवयुवक गणेश उत्सव समिति नयापुरा, श्री सिकलीगर गणेश उत्सव समिति कैलाश मार्ग, श्री राधा कृष्ण ग्रुप कोठारी नगर के राजा , श्री विश्वपति शिवालय गांधी चौराहा, श्री सीताराम ग्रुप कुमावत समाज नरसिंहपुरा, बाबा रामदेव गणेशोत्सव समिति नरसिहपुरा आदि की झांकीयां सम्मिलित रहेगी।
चल समारोह महाराणा प्रताप चौराहा से प्रारंभ होकर बीपीएल चौराहा, गांधी चौराहा, बस स्टेण्ड, घण्टाघर, सदर बाजार होता हुआ श्री पशुपतिनाथ मंदिर पहुंचेगा। रात्रि में 9 बजे तक सभी झांकियां महाराणा प्रताप बस स्टेण्ड से चलकर सुबह 4 बजे तक बीपीएल चौराहे को पार करेगी तथा सुबह 4 बजे से 7 बजे तक बीपीएल चौराहे से घण्टाघर तक नयनाभिराम झांकियों का कारवां रहेगा। जिसमें विभिन्न अखाड़ों के पहलवान हेरत अंगेज करतब दिखाएंगे। बैठक में निर्णय लिया गया कि चल समारोह के दौरान पूरे मार्ग एवं चिन्हित स्थानों पर झांकिया खड़ी रहेगी जो अपने निर्धारित समय पर ही आगे बढ़ेगी। झांकियों के संचालक व्यवस्था को सुचारू चलाने में सहयोग प्रदान करेंगे। इसके अलावा विद्युत मण्डल झांकियों की विद्युत सज्जा को जगमगाने के लिये विद्युत पॉइंट विभिन्न खम्बों पर लगाऐंगे तथा चल समारोह मार्ग में आने वाली विद्युत लाइनों के रखरखाव की व्यवस्था भी सुनिश्चित करेंगे। प्रत्येक झांकी के साथ विद्युत मण्डल के दो-दो कर्मचारी तैनात रहेंगे। नगरपालिका मार्ग की सड़कों से आवारा पशु को सड़क से हटाने का काम करेगी। पूरे मार्ग पर पुलिस प्रशासन पुख्ता सुरक्षा व्यवस्थाएं करेगा। मनचलों पर सख्ती के साथ लगाम लगाई जायेगी। आपात स्थिति में एंबुलेंस की व्यवस्था बस स्टैंड, शहर कोतवाली, जिला चिकित्सालय पर रहेगी, फायर बिग्रेड कंट¬ोल रूम तथा शहर कोतवाली पर तैनात की जाएगी। चल समारोह के दौरान पेयजल की व्यवस्था नगरपालिका द्वारा विभिन्न स्थानों पर की जावेगी। तथा नगर के अनेकों सामाजिक संगठनों द्वारा भी अल्पाहार एवं पेयजल की व्यवस्था की जावेगी। इसके साथ ही विद्युत मण्डल के अधिकारियों को अवगत कराया गया कि चल समारोह पूरी तरह विसर्जित होने तक झांकियों के लिये लगाये गये विद्युत मीटर नहीं खोले जायेंगे। वॉच टॉवर बीपीएल चौराहा, गांधी चौराहा, बस स्टेण्ड, घण्टाघर, तथा मण्डीगेट पर स्थापित किए जायेंगे जहां पुलिस जवान बैठकर चल समारोह की सुरक्षा व्यवस्था पर निगाह रखेंगे जिन पर माईक टार्च तथा विद्युत एवं साउंड व्यवस्था की जावेगी। इसके अलावा सुरक्षा के लिहाज से सादे कपड़ों में भी पुलिस जवान तैनात होंगे। महिला पुलिस कर्मियों की भी व्यवस्था की जावेगी। इसके साथ प्रत्येक झांकी के साथ पदस्थ होने वाले पुलिस बल की सूची भी झांकी संचालकों को उपलब्ध करवायी जायेगी।
केन्द्रीय गणेशोत्सव समिति के संरक्षक पं. दिलीप शर्मा, अध्यक्ष नरेंद्र अग्रवाल , महा सचिव गोपाल मंडोवरा, कोषाध्यक्ष राजकुमार सिंहल, पदाधिकारी रमेश ग्वाला, कपिल मावर, कैलाशचंद पुरोहित, गोपाल दीवान, श्याम पहलवान, प्रमोद मालवी ,सुनील मुंडेल, अजय भाटी, अनिरुध्द शर्मा, लखन डागर, विष्णु मकवाना, विश्व मोहन अग्रवाल, देव डगवार, मांगीलाल कुमावत, कुंदन चौहान, ईश्वर चौहान आदि ने धर्मप्रेमी भक्तो से झांकियों को निहारने एवं नगर की सामाजिक धार्मिक संस्थाओं द्वारा निशुल्क स्वल्पाहार ,पेयजल सहित अन्य व्यवस्था की जा रही है उनका उत्साहवर्धन करने के लिये सपरिवार पधारने की अपील की है।