नीमच। जिले के मनासा विकासखंड से सिस्टम को शर्मसार करने वाली एक और तस्वीर सामने आई है। इस तस्वीर ने शासन प्रशासन के उन तमाम दावों की पोल खोल दी है जो समय-समय पर किए जाते रहे हैं। यह तस्वीर नीमच जिले के मनासा तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्राम हाड़ी पिपलिया से बुधवार को उस वक्त सामने आई जब एक व्यक्ति विक्रम मालवीय की अंतिम यात्रा श्मशान घाट ले जाई जा रही थी।

500 लोगों की आबादी वाला गांव है हाड़ी पिपलिया-
आपकों बता दें कि मनासा विकासखंड के ग्राम हाड़ी पिपलिया की कुल आबादी करीब 500 लोगों की है। वार्ड नंबर 1 बांछड़ा बस्ती के इस गांव का श्मशान घाट गांव के समीप स्थित नाले के दूसरी ओर बना हुआ है। लोग सालों से इसी दुर्गम रास्ते से अंतिम यात्रा ले जा रहे हैं। बारिश की अवधि में ग्रामीणों को सर्वाधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो-
नीमच जिले के ग्रामीण अंचलों में आज भी अंतिम यात्रा बहते पानी के बीच से ले जाने को लोग मजबूर है। मनासा विकासखंड में बुधवार को जो अंतिम यात्रा निकली इसका वीडियो सोशल मीडिया वायरल हो रहा है। हाल ही में एक व्यक्ति की मौत के बाद भी बहते पानी से लोगों ने शवयात्रा निकाली थी। हजारों करोड़ के विकास के दावे करने वाले जिम्मेदार अंतिम यात्रा का रास्ता भी सुगम नहीं बना पा रहे हैं।

ग्रामीण अक्षय मालवी ने बताया कि समस्या सालों पुरानी है। लेकिन आज तक इसका समाधान नहीं हो पाया है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी कई बार इस समस्या से अवगत करा चुके हैं। बावजूद किसी भी जिम्मेदार ने अब तक कोई निराकरण नहीं किया है। बारिश की अवधि में जब नाले में पानी का बहाव अधिक होता है तो लोगों को निजी खेत या अन्य स्थानों पर अंतिम संस्कार की रस्म पूरी करनी पड़ती है। शासन-प्रशासन के जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों को इस ओर ध्यान देना चाहिए।
