नीमच। जिला चिकित्सालय नीमच में गुरुवार दोपहर को हंगामा हो गया। अस्पताल में भर्ती एक मरीज की मौत के बाद परिजन आक्रोशित हो उठे और डॉक्टर पर इलाज के दौरान लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में हंगामा कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार छोटीसादड़ी निवासी बुजुर्ग जहिर मोहम्मद को परिजन बुखार होने पर बुधवार को शाम को जिला चिकित्सालय नीमच लाए थे। जहां मरीज को भर्ती कर डॉक्टर ने उपचार शुरू किया। आज गुरुवार दोपहर 02 बजे बाद मरीज जहीर की तबियत अचानक बिगड़ गई और मरीज की मौत हो गई।
परिजनों का आरोप हैं कि सुबह डॉक्टर राउंड पर आए थे और मरीज को देखकर दवाई गोली देकर चले गए। दोपहर में जब मरीज की तबियत ज्यादा ख़राब हुई तो हमने स्टाफ को सूचित किया लेकिन स्टाफ ने ध्यान नहीं दिया। नर्स और मौजूद स्टाफ मोबाइल चलाने में व्यस्त थे। अगर सही समय पर उचित उपचार मिल जाता तो मरीज की जान नहीं जाती।