नीमच। शहर में वैराग्य सागर जी महाराज साहब और सुप्रभ सागर जी महाराज साहब की पावन निश्रा में पार्श्वनाथ दिगंबर जैन समाज नीमच द्वारा दिगम्बर जैन मंदिर में पर्युषण पर्व पर 10 उपवास की तपस्या करने वाले तपस्वियों का गुरुवार को वरघोडा निकाल कर तपस्वियों का बहुमान किया गया।
दिगंबर जैन समाज नीमच और चातुर्मास समिति के अध्यक्ष विजय विनायका जैन ब्रोकर्स व मीडिया प्रभारी अमन विनायका ने बताया कि पर्युषण पर्व के पावन उपलक्ष्य में समाज के अनेक व्यक्तियों ने 10 दिवसीय संस्कार प्रशिक्षण शिविर में सहभागिता निभाई और 10 दिन के उपवास की तपस्या की गई। इन तपस्वियों के बहुमान में दिगंबर जैन समाज नीमच द्वारा नगर में भव्य वरघोड़ा निकाला गया। शोभा यात्रा में सबसे आगे दो घुड़सवार चल रहे थे उसके साथ ही बैण्ड बाजे पर तपस्या पर आधारित विभिन्न भजन कीर्तन की स्वर लहरिया बिखर रही थी। उसके साथ ही समाज जन के साथ मुनि वैराग्य सागर जी महाराज, मुनी सुप्रभ सागर जी महाराज पैदल चल रहे थे। समाजजन इंद्र के परिधानों में भगवान पार्श्वनाथ का चांदी का बेवाण लिए चल रहे थे। बग्गीयो में तपस्वियों को विराजित किया गया था। महिलाएं पीले परिधानों मेंअमृत कलश शिरोधार्य किए चल रही थी। शोभा यात्रा दिगंबर जैन मांगलिक भवन से प्रारंभ हुई जो नगर के घंटाघर पटेल चाल, कमल चौक, दाना गली, तिलक मार्ग, जाजू बिल्डिंग होते हुए दिगंबर जैन मंदिर पर पहुंचकर धार्मिक अनुष्ठानों में परिवर्तित हो गई।