नीमच। जिले के मनासा-नीमच मार्ग पर सावन कुंड के यहां शनिवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। अल्टो कार और लोडिंग टैम्पो की भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई। वहीं एक महिला, 04 साल की बालिका सहित चार लोग घायल हैं। हादसे के बाद टेम्पो ड्राईवर वाहन में ही फंस गया था जिसे बड़ी मुश्किल से टेम्पो से बाहर निकाला गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब 10.30 से 11 बजे के बीच मनासा रोड पर स्थित गांव सावन कुंड के यहां लोडिंग टेम्पो और अल्टो कार की आमने सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में कार सवार गांव कानाखेड़ा निवासी 40 वर्षीय गणेश नागदा की मौत हो गई। वहीं युवक की पत्नी 30 वर्षीय पिंकी नागदा गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना मिलते ही नीमच सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
जिला चिकित्सालय से मिली जानकारी अनुसार टेंपो चालक दीपक राठौड़ व कार में सवार कानाखेड़ा निवासी गणेश पिता प्रेमचंद, पिंकी पति गणेश, राजेश पिता शांतिलाल जाति नागदा निवासी खानखेड़ी, परी पिता राजेश निवासी खानखेड़ी उम्र 04 साल घायल हुई है। घायलों को नीमच जिला चिकित्सालय लाया गया। जहां पर गणेश पिता प्रेमचंद निवासी कानाखेड़ा को मृत घोषित कर दिया गया। साथ ही राजेश पिता शांतिलाल नागदा की हालत गंभीर देखते हुए उसे उदयपुर रेफर किया है।
दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी की लोडिंग टेम्पो सवार युवक वाहन में ही फंस गया। काफी समय तक युवक टेम्पो में ही फंसा हुआ था जिसे निकालने की बहुत कोशिश की गई। लोडिंग टेम्पो नीमच से मनासा जा रहा था। टेम्पो में सब्जी भरी हुई थी। वहीं अल्टो कार नीमच की तरफ आ रही थी।