नीमच। जिले के मनासा निवासी युवक 19 वर्षीय गौरव पिता अनिल नागदा की कुएं में डूबने से मौत हो गई है। गौरव शुक्रवार की रात से लापता था। जिसकी दो दिन से परिजन तलाश कर रहे थे। मोबाइल लोकेशन और सीसीटीवी कैमरों के आधार पर गौरव के परिवार वाले उसे ढूंढते रहे। मनासा थाने पर भी गुमशुदगी की रिपोर्ट कराई गई थी। आज सुबह 9.00 बजे सूचना मिली कि नीमच सिटी थाना अंतर्गत गांव सावन के इंदिरा नगर स्थित लक्ष्मी नारायण पिता देवी लाल पाटीदार के कुएं में एक युवक का शव तैरता हुआ दिखाई दे रहा है। सूचना के आधार पर परिजन मौके पर पहुंचे। तब पाया कि शव गौरव का है। परिवार वालों ने बताया कि गौरव मानसिक रूप से कमजोर था। ढाई वर्ष पूर्व में उसके द्वारा फांसी लगाने की कोशिश की गई थी। गौरव के शव को पिकअप वाहन द्वारा पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय लाया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।