शामगढ़। चलती ट्रेन में महिला पर हमला और लूट के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आगरा-अहमदाबाद स्पेशल ट्रेन (01919) में 27 सितंबर को कोटा मंडल के धुंआखेड़ी और भवानी मंडी स्टेशनों के बीच दौड़ती ट्रेन में बिहारी ने सुमन का 8 हजार रुपयों से भरा एक पर्स लूट लिया था। बिहारी ने सुमन के टॉप्स भी लूटने की कोशिश की थी लेकिन विरोध करने पर बिहारी ने कोच में लगे आग बुझाने वाले सिलेंडर से वार कर सुमन को गंभीर रुप से घायल कर दिया था। इसके बाद धुआंखेड़ी में ट्रेन रुकने पर बिहारी फरार हो गया था। बाद में मौके पर पहुंची आरपीएफ ने सुमन को भवानी मंडी अस्पताल पहुंचाया था। यहां से सुमन को शामगढ़ पहुंचाया गया था। यहां सुमन ने जीआरपी थाने में अज्ञात बदमाश के खिलाफ लूट और मारपीट की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। इसके बाद से आरपीएफ और जीआरपी बदमाश की तलाश कर रही थी। घटना के समय सुमन कोच में अकेली थी।

इस घटना के बाद आरपीएफ ने हुलिए के आधार पर कुछ बदमाशों के फोटो महिला को दिखाए थे। इसमें एक फोटो को महिला ने संदिग्ध बताया था। इसके बाद आरपीएफ ने लगातार निगरानी कर जिला करौली हिंडोन निवासी बिहारी उर्फ कल्ला बंजारा (19) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इस पूछताछ में बिहारी ने महिला से मारपीट और लूट की घटना स्वीकार कर ली। इसके बाद आरपीएफ ने बिहारी को शामगढ़ जीआरपी के हवाले कर दिया। सुमन राजपुत नाम की यह महिला नागदा की रहने वाली थी। सुमन आगरा के पास फतहपुर सिकरी से नागदा के लिए सफर कर रही थी। जब कि आरोपी के कोटा से ट्रेन में सवार होने की बात सामने आई है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया। यहां से जेल भेज दिया गया।
