नीमच। शहर में स्वच्छंद विचरण करने वाले गोवंश में फैलते जा रहे लंपी वायरस की रोकथाम के लिए आज कलेक्टर कार्यालय में गौ सेवा समिति नीमच और गऊ सेवा दल द्वारा कलेक्टर के नाम ज्ञापन दिया गया। ज्ञापन में कहा गया है कि पिछले 15 दिनों से हमारे गौ सेवा समिति केंद्र पर सात लंपी वायरस से ग्रस्त गाय उपचाररत है।जिसमें दो गौवंश की मृत्यु भी हो चुकी है। गौ सेवा समिति को प्रतिदिन 2 से 4 गौवंश लंपी वायरस से ग्रसित होने की सूचनाएं मिल रही है। ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि पशुपालकों द्वारा भी गौवंशों को लंपी ग्रसित होने के बावजूद सड़कों पर भटकने के लिए छोड़ दिया जा रहा है। जिससे बीमारी अधिक फैल रही है। ज्ञापन में मांग की गई है कि उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवा जिला नीमच को नगर में स्वच्छंद विचरण करने वाले गोवंश को भी लंपी वैक्सीन लगाए जाने हेतु निर्देशित किया जाए। ताकि लंपी वायरस की रोकथाम की जा सके।साथ ही बीमार गौवंशों को सड़कों पर छोड़ने वाले पशुपालकों के विरुद्ध पशु क्रूरता अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई की जाए। ज्ञापन देते समय बड़ी संख्या में गऊ सेवा दल और गौ सेवा समिति के सदस्य उपस्थित रहे।