कुकड़ेश्वर। गोमाबाई नेत्रालय नीमच द्वारा सेवार्पण सेवा न्यास कुकड़ेश्वर के सहयोग से भगवान महावीर शासकीय चिकित्सालय में एक दिवसीय नेत्र शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का शुभारंभ नगर परिषद की अध्यक्ष उर्मिला महेंद्र पटवा, उपाध्यक्ष सोनाली उज्जवल पटवा, और अन्य गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में मां सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ हुआ।
इस अवसर पर उर्मिला पटवा ने अपने उद्बोधन में कहा कि अंधत्व निवारण के लिए ऐसे नेत्र शिविर अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि शिविर से नेत्र रोगियों की ज्योति पुनः प्राप्त होने की आशा बनी रहती है, जो एक पुण्य कार्य है और समाज के लिए आवश्यक भी। नेत्र शिविर में कुकड़ेश्वर नगर और आसपास के लगभग 400 लोगों ने पंजीयन करवाकर अपनी आंखों की जांच करवाई। गोमाबाई नेत्रालय के डॉक्टरों ने कुछ मरीजों को ऑपरेशन के लिए चिन्हित किया, जिनका इलाज निःशुल्क किया जाएगा। इस पुनीत कार्य में गोमाबाई नेत्रालय की पूरी टीम और नगर विकास प्रस्फुटन समिति के सदस्य भी शामिल रहे, जिन्होंने सेवा प्रदान कर शिविर को सफल बनाया।
शिविर के अंत में सुधीर चंद पटवा ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए आयोजन में सहयोग देने वाले सभी व्यक्तियों का अभिनंदन किया।