खरगोन। एकादशी भजनों से मंगलवार को कलियुगी अवतार, शीश के दानी, हारे के सहारा बाबा श्री खाटूश्याम मन्दिरो में उत्सवी माहौल के बीच मनाया गया। अवसर था कार्तिक मास एकादशी पर बाबा श्री खाटूश्याम के जन्मोत्सव का। जन्मोत्सव को लेकर बाबा के मंदिर को रंग- बिरंगी विद्युत तुलिकाओं से सजाया गया, जो रात्रि में आकर्षण का केंद्र रहा।
एकादशी पर शहर के सनावद रोड स्थित कमला नगर में सुबह से देरशाम तक भक्ति की बयार बही। यहां श्यामप्रेमियों ने बाबा श्री खाटूश्याम का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया। बाबा श्री श्याम के मंदिर में सुबह से देरशाम तक धार्मिक आयोजन हुए। बाबा के भजन कीर्तन में भक्त भावविभोर हो गए। बाबा के मनोहारी दर्शन के लिए सुबह से देरशाम तक भक्तों का तांता लगा रहा। मंदिर सेवक ऋतुराज सोनी, तिलोक सोनी, मनोज सोनी, दीपराज सोनी आदि ने बताया कि बाबा के जन्मोत्सव पर सुबह श्रीश्याम बाबा का कलकत्ता, दिल्ली से बुलवाए गए विभिन्न प्रकार के सुगंधित फूलों से भव्य फूल बंगला सजाया गया। नए वस्त्र व फूल मालाओं से दरबार सजाया गया। इसके बाद छप्पन भोग लगाए गए। एकादशी पर घरो में भी गन्ने की खोपड़ी में तुलसी सालिगराम विवाह के आयोजन हुए, जिसके चलते बाजार में काफी चहल पहल रही। लोगो ने गन्ने के साथ ही आंवले सांवले की पूजन सामग्री, मिठाई, फूलो की जमकर खरीदारी की।