नीमच। शहर के वरिष्ठ कर सलाहकार, समाजसेवी और साधु मार्गीय जैन श्रावक संघ के पूर्व अध्यक्ष अरुण खाबिया के बीती रात देवलोक गमन के बाद आज उनकी देहदान नीमच के मेडिकल कॉलेज के लिए ले जाई गई। देहदान यात्रा स्वर्ग रथ के माध्यम से उनके निज निवास से प्रारंभ होकर समता भवन होती हुई, लायन डेन पहुंची। यहां लायंस क्लब के माध्यम से पुत्र संदीप खाबिया और परिजनों द्वारा स्वर्गीय अरुण खाबिया के पार्थिव शरीर का देहदान किया गया। यहां से देहदान यात्रा मेडिकल कॉलेज पहुंची, यहां स्वर्गीय अरुण खाबिया के पार्थिव शरीर को मेडिकल कॉलेज के सुपूर्द कर दिया गया। देहदान यात्रा में विधायक दिलीप सिंह परिहार, लायंस क्लब के पदाधिकारी, समाजजन, परिजन और बड़ी संख्या में शहर के गणमान्य नागरिक सम्मिलित हुए। सभी के द्वारा पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। समता भवन के यहां अरुण खाबिया के पार्थिव शरीर पर समाजजनों द्वारा शाल ओढ़ाकर पुष्प अर्पित कर श्रद्धा और सम्मान के साथ विदाई दी गई। अरुण खाबिया का 79 वर्ष की आयु में बीती रात निधन हो गया।

उल्लेखनीय है कि उनका देवलोकगमन संथारा पूर्वक हुआ है। अरुण खाबिया को दो दिन पूर्व सुशीला कुंवर जी महाराज साहब की निश्रा में साध्वी अर्पण श्रीजी महाराज साहब ने संथारा के प्रत्याख्यान ग्रहण कराए थे।

उल्लेखनीय है कि आज 15 नवंबर को अरुण खाबिया का जन्मदिन भी है। अरुण खाबिया लायंस क्लब के प्रांतीय अध्यक्ष, कर सलाहकार संघ के अध्यक्ष, साधु मार्गी जैन श्रावक संघ के अध्यक्ष पद के अलावा विभिन्न समाजसेवी संस्था में अनेक जिम्मेदारियों का निर्वहन कर चुके हैं।
