कुकडेश्वर। आज ग्राम बंजारी खुर्द में आदिवासी समाज द्वारा जनजाति गौरव दिवस का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। इस अवसर पर आदिवासी समाज के अध्यक्ष देवीलाल, वनवासी कल्याण परिषद के जिला अध्यक्ष प्रभुलाल जी, कुकडेश्वर नगर पालिका उपाध्यक्ष सोनाली उज्ज्वल पटवा, वनवासी कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष सालगराम जी, और ग्राम पंचायत टामोटी के सरपंच महेंद्र जी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
ग्राम के वरिष्ठ जन, माता-बहनें और बच्चों सहित सभी ने बड़ी संख्या में भाग लिया और अपने पूर्वजों द्वारा किए गए संघर्षों को श्रद्धांजलि दी। भगवान बिरसा मुंडा की जन्म जयंती पर उन्हें आदिवासी समाज का प्रेरणास्रोत मानते हुए यह दिवस मनाया गया। बिरसा मुंडा ने अपने समय में आदिवासी समाज के अधिकारों के लिए संघर्ष किया था और उनके विचार आज भी समाज को एकता और सम्मान के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
इस मौके पर उपस्थित सभी लोगों ने आदिवासी समाज के गौरवशाली इतिहास को नमन किया और समाज के उत्थान के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।