नीमच। शहर में जैन दिवाकर द्वार और दिवाकर स्मारक की अनुमति के प्रस्ताव को नगर पालिका परिषद की आगामी बैठक में लाने के निर्णय से नाराज़ जैन समाज के पदाधिकारियों और सदस्यों द्वारा आज शाम विधायक दिलीप सिंह परिहार को ज्ञापन दिया गया। अखिल भारतीय जैन दिवाकर संगठन समिति और श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन ट्रस्ट द्वारा दिवाकर भवन में विधायक दिलीप सिंह परिहार को दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि गुरुदेव की जन्मस्थली नीमच सिटी में दिवाकर द्वार और दिवाकर स्मारक के प्रस्ताव को पारित ना कर परिषद की आगामी बैठक में लाने का निर्णय दुर्भाग्यपूर्ण है। दिवाकर द्वार और दिवाकर स्मारक का पूरा खर्च समाजजन द्वारा वहन किया जाना है। समाज जनों ने दिवाकर भवन में बैठक कर विधायक दिलीप सिंह परिहार से इस बारे में हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया। जिस पर विधायक दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि वे पार्षदों से बात कर इस प्रस्ताव को सामूहिक सहमति बनाने में अपनी भूमिका का पूरी तन्मयता से निर्वहन करेंगे। परिहार ने कहा कि इस मामले में वे समाज के साथ है। उन्होंने यह भी कहा कि गुरुदेव श्री जैन दिवाकर चौथमल महाराज सभी समाज के लिए पूजनीय है।