गरोठ। क्षेत्र के प्रसिद्ध आरोग्य धाम श्री दुधाखेडी माताजी मंदिर के दान पात्रों को मंदिर प्रबंध समिति अध्यक्ष एसडीएम गरोठ चन्दर सिंह सोलंकी के आदेशनुसार मंदिर समिति सचिव प्रभारी तहसीलदार भानपुरा विनोद शर्मा के निर्देशन मे सोमवार को ग्राम पटवारी फूलचंद जजावरा द्वारा खोले गए।

मंदिर लेखापाल नरेन्द्र कुमार शर्मा ने बताया कि गणना का यह कार्य मंदिर पर आयोजित वर्ष 2024 आश्विन नवरात्रि उपरांत 3 माह बाद खोले गए। प्रथम दिवस सोमवार को देर शाम तक चली गणना में कुल 15 लाख 50 हजार रुपये की गणना का कार्य किया गया।
सोमवार को गणना का कार्य राजस्व विभाग भानपुरा नव पटवारी गण, महिला, पुरुष समीपस्थ ग्रामों के कोटवार, बैंक कर्मचारियों, मंदिर कर्मचारियों, मंदिर पुजारी घनश्याम नाथ योगी एवं अन्य समीपस्थ ग्रामों के कोटवार द्वारा किया गया।

गणना कार्य का निरीक्षण तहसीलदार भानपुरा विनोद शर्मा द्वारा किया गया। गणना के उपरांत राशि को सेंट्रल बैंक ऑफ़ इंडिया शाखा गरोठ के सहायक प्रबंधक जगदीश जोशी के सुपूर्द किया गया। सुरक्षा के मद्देनजर गणना कार्य में सशस्त्र कर्मचारी भूपेश भाना, दिनेश कुमार सागित्रा की उपस्थिति रही। साथ ही गणना कार्य की रिकार्डिंग भी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से कराई गई। आगामी दिनों में भी गणना कार्य जारी रहेगा।