नीमच। राष्ट्र सेविका समिति के तत्वावधान में नीमच की सड़कों पर विराट पथ संचलन निकला। पथ संचलन में शामिल सेविकाएं श्वेत गणवेश में कदमताल करते हुए चली। पथ संचलन के दौरान सेविकाओं द्वारा समिति घोष वादन के साथ बैंड पर रनर और किरन धुन बजाई गई। पथ संचलन वात्सल्य भवन से प्रारंभ होकर दशहरा मैदान से लायंस पार्क चौराहा, भारत माता चौराहा, कमल चौक, फव्वारा चौक, बारादरी, नया बाजार, जाजू बिल्डिंग, पुस्तक बाजार गांधी भवन होकर पुनः वात्सल्य भवन पहुंचकर समाप्त हुआ। पथ संचलन का आयोजन अयोध्या में रामलला मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के एक वर्ष पूरा होने और महारानी अहिल्याबाई होल्कर की 300 वी जन्म जयंती के उपलक्ष्य में किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत देवी अष्टभुजा जी, वंदनीय लक्ष्मी केलकर मौसी जी और सरस्वती बाई आप्टे की तस्वीर पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद समिति प्रार्थना हुई। तत्पश्चात बौद्धिक हुआ। अतिथि के रूप में वर्तिका पारीक, निर्मला अग्रवाल और मीना हरित मौजूद रहे। बच्चे राम, सीता, लक्ष्मण, शबरी, देवी अहिल्या का स्वांग रचकर गाड़ी में सवार रहे। राष्ट्र सेविका समिति द्वारा निकाले गए पथ संचालन का शहर के मुख्य मार्ग पर सेवा भारती, वात्सल्य समिति, अग्रवाल समाज और विभिन्न संगठनों द्वारा स्वागत किया गया। उल्लेखनीय है कि नीमच में प्रथम बार राष्ट्र सेविका समिति द्वारा पथ संचलन निकाला गया है।