जीरन। तहसील के नयाखेड़ा कूचडोद के ग्रामीणों ने सोमवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने एसडीएम ममता खेड़े को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा, जिसमें भू-स्वामित्व योजना के तहत किए गए सर्वे में बड़ी अनियमितताओं का आरोप लगाया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि पटवारी हल्का नंबर 23 के अंतर्गत मजरा ग्राम धोकल खेड़ा को राजस्व ग्राम बनाने का सर्वे किया गया, लेकिन इसकी कोई पूर्व सूचना ग्रामीणों को नहीं दी गई। तहसीलदार और पटवारी ने मनमाने तरीके से सर्वे कर कूचडोद के अधिकांश किसानों को जानबूझकर गलत जगहों पर सर्वे नंबर आवंटित कर दिए। इससे राजस्व रिकॉर्ड और वास्तविक स्थिति में बड़ी विसंगतियां पैदा हो गई हैं।
प्रदर्शनकारी ग्रामीणों ने राजस्व अधिकारियों पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए मांग की है कि राजस्व रिकॉर्ड और नक्शे का पुनः सर्वे किसी अन्य पटवारी से करवाया जाए। उनकी मुख्य मांग है कि किसानों की कृषि भूमि के सर्वे नंबर वास्तविक स्थिति के अनुसार आवंटित किए जाएं।
ग्रामीण प्रतिनिधि राहुल गोस्वामी ने बताया कि तहसीलदार और पटवारी ग्रामीणों की समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रहे हैं, जिसके कारण उन्हें विरोध प्रदर्शन करना पड़ा। उन्होंने कलेक्टर कार्यालय के मुख्य गेट पर धरना देते हुए जल्द से जल्द इस समस्या के समाधान की मांग की है।