नीमच। शहर में पत्रकारिता के गुरू देवर्षि नारद जयंती महोत्सव पर एक परिचर्चा का आयोजन किया गया। महोत्सव में देवर्षि नारद लोक चिंतन में सूचना संचार के प्रथम प्रणेता विषय पर परिचर्चा की गई। इस परिचर्चा में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. पंडित मिथलेश नागर (राष्ट्रीय संत), मुस्तफ़ा हुसैन वरिष्ठ पत्रकार, जितेंद्र पुरोहित वरिष्ठ पत्रकार देवास, डॉ. संजय जोशी वरिष्ठ प्रोफेसर नीमच उपस्थित रहे।
स्थानीय स्वर्णकार समाज भवन में आयोजित हुए महोत्सव की शुरूआत महर्षि नारद के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्जवलन के साथ की गई। इसके बाद विश्व संवाद केंद्र नीमच मप्र द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों का दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया गया। स्वागत सम्मान के बाद अतिथी के रूप में मौजूद पत्रकार मुस्तफा हुसैन, राष्ट्रीय संत डॉ. पंडित मिथलेश नागर सहित अन्य अतिथियों ने संबोधित किया।
वरिष्ठ पत्रकार मुस्तफा हुसैन ने कहा कि देवर्षि नारद पत्रकारों के आराध्य है। वर्तमान संदर्भों की अगर बात करें तो इस तरह के कार्यक्रम कितने महत्वपूर्ण होते हैं, क्योंकि आज की जो युवा पीढ़ी जो है वह हमारी समृद्ध सनातन परंपरा से पूरी तरह से वाकिफ नहीं है। ऐसे आयोजन हमारे समाज में प्राण फूंकने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि नारद जी ने 25 हजार श्लोक लिखे हैं। इनमें से करीब 2 हजार श्लोक ज्योतिष शास्त्र में है। लेकिन इस संबंध में हर किसी को जानकारी नहीं है, क्योंकि हम उनके बारे में पढ़ते नहीं है। हाल ही में भारत-पाक के बीच में हुए तनाव के दौरान भी पाकिस्तानी मीडिया ने भ्रामक खबरों का प्रसार किया था। उस दौरान भी भारतीय मीडिया ने उनको एक्सपोज कर सत्य खबर देशवासियों के सामने रखी। कार्यक्रम को अन्य अतिथियों ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पत्रकारगण मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन सत्येंद्र राठौड़ ने किया।