नीमच। पवित्र हज यात्रा संपन्न कर ग्राम कनावटी के पांच हाजी शुक्रवार को अपने वतन लौटे। उनके आगमन पर नीमच रेलवे स्टेशन पर परिजनों, ग्रामीणों, मित्रों एवं पूर्व सैनिक साथियों ने फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया। स्वागत के लिए बड़ी संख्या में लोग स्टेशन पहुंचे, जहां बैंड-बाजों की मधुर धुनों और नात-ए-पाक की गूंज के बीच माहौल पूरी तरह आध्यात्मिक रंग में रंग गया।
36 दिवसीय हज यात्रा से लौटने वाले हाजियों में पूर्व सैनिक हाजी वली मोहम्मद, सीआरपीएफ के पूर्व जवान हाजी नासिर खान सहित उनके परिजन शामिल रहे। जैसे ही हाजी स्टेशन पहुंचे, उपस्थित लोगों ने उन्हें पुष्पमालाएं पहनाकर मुबारकबाद दी और गले लगाकर स्वागत किया।
हाजियों ने बताया कि उन्हें इस्लाम के सबसे पवित्र स्थलों मक्का और मदीना में इबादत करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। उन्होंने वहां देश की खुशहाली, क्षेत्र के विकास, कौम की तरक्की, आपसी भाईचारे और विश्व शांति के लिए विशेष दुआएं मांगीं।
हाजियों के लौटने से कनावटी एवं आसपास के क्षेत्रों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने इसे पूरे क्षेत्र के लिए गौरव और सौभाग्य का अवसर बताया। लोगों ने हाजियों से मुलाकात कर उन्हें हज की मुबारकबाद दी। स्वागत समारोह ने धार्मिक आस्था, सामाजिक सद्भाव और आपसी प्रेम का प्रेरणादायी संदेश भी दिया।