कुकड़ेश्वर। नगर परिषद कुकड़ेश्वर द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर “वूमन फॉर ट्री” अभियान के तहत महादेव तालाब परिसर में एक भव्य पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर परिषद अध्यक्ष उर्मिला महेंद्र पटवा ने की, साथ ही अध्यक्ष प्रतिनिधि महेंद्र पटवा, वार्ड पार्षद टीना सागर पेंटर, पार्षद प्रतिनिधि सागर पेंटर, पार्षद शंभुलाल मालवीय (मिलन), विधायक प्रतिनिधि कैलाश मालवीय (घाटी) तथा मुख्य नगरपालिका अधिकारी कमल सिंह परमार की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अभियान में नगर के स्वसहायता समूह लब्धी की महिलाओं, नगर परिषद के कर्मचारियों एवं बड़ी संख्या में नगरवासियों ने सहभागिता कर पर्यावरण के प्रति जागरूकता का परिचय दिया। कार्यक्रम के दौरान छायादार एवं औषधीय पौधों का रोपण किया गया, जो आने वाले वर्षों में नगर के पर्यावरण को समृद्ध बनाएंगे।
स्वसहायता समूह की महिलाओं को पर्यावरण संरक्षण हेतु आवश्यक सामग्री प्रदान की गई तथा उन्हें पौधों की देखरेख की जिम्मेदारी सौंपी गई। साथ ही, सभी उपस्थित जनों ने पर्यावरण की रक्षा हेतु शपथ ली और यह संकल्प लिया कि लगाए गए पौधों की आगामी तीन वर्षों तक देखभाल सुनिश्चित की जाएगी। नगर परिषद द्वारा किया गया यह सराहनीय प्रयास न केवल हरित वातावरण की दिशा में एक सशक्त कदम है, बल्कि महिला सशक्तिकरण और जनभागीदारी की एक प्रेरणादायक मिसाल भी है।