ओरछा। रामराजा सरकार के मंदिर में निर्जला एकादशी पर भक्ति और श्रद्धा का अनूठा दृश्य देखने को मिला। मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश से हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। सुबह से ही मंदिर प्रांगण में दर्शनार्थियों की लंबी कतारें लग गईं।
इस वर्ष प्रशासन ने पुख्ता व्यवस्था की। मंदिर परिसर में प्राथमिक उपचार केंद्र स्थापित किया गया। डॉक्टरों की टीम और एम्बुलेंस पूरे दिन तैनात रहीं। यह कदम पिछले दिनों पुष्य नक्षत्र के दौरान एक श्रद्धालु की मृत्यु के बाद उठाया गया। उस समय मंदिर में कोई चिकित्सा सुविधा उपलब्ध नहीं थी।
मंदिर प्रबंधन द्वारा ने श्रद्धालुओं को प्रसाद स्वरूप शरबत का वितरण किया। मंदिर प्रांगण रामधुन और भजनों से गुंजायमान रहा। महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे सभी रामराजा सरकार के दर्शन के लिए श्रद्धाभाव से पहुंचे।
व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षाबलों की तैनाती की गई। गर्मी और भीड़ के बावजूद कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। स्वास्थ्य विभाग की टीम आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क रही।