नीमच। रेतम बैराज डैम में शुक्रवार दोपहर नहाने गए एक 17 वर्षीय छात्र की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान कुशवीर उर्फ आकाश के रूप में हुई है, जो नीमच सिटी थाना क्षेत्र के नई मंगरोल गांव का निवासी था। कुशवीर कक्षा 12वीं का छात्र था।
बताया गया है कि घटना दोपहर करीब 2 बजे की है, जब कुशवीर डैम में नहा रहा था और उसके परिजन पास के खेत में काम कर रहे थे। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से उसे पानी से बाहर निकाला गया। कुशवीर को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कुशवीर के पिता का नाम जगदीश है। परिवार पहले ही एक बड़े दुख से गुजर चुका है। लगभग 11 महीने पहले उसकी मां का निधन हो गया था। परिवार में उसकी एक बड़ी बहन भी है और कुशवीर सबसे छोटा था। इस दुःखद घटना से मंगरोल चक गांव में शोक की लहर छा गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर कारणों की जांच शुरू कर दी है।