खरगोन। अल्लाह से बेपनाह मोहब्बत और कुर्बानी के जज्बे की याद का दिन ईद.उल अजहा यानी बकरीद का त्यौहार समूचे जिले में परंपरागत तरीके से हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। मस्जिदों में नमाज पढ़कर अमन, चौन की दुआ मांगी। इसके बाद गले मुस्लिम भाई एक.दूसरे से गले मिलकर पर्व की बधाई दी। ईदगाह सहित शहर की छोटी, बड़ी मस्जिदों में बकरीद की विशेष नमाज अता करने के बाद मुस्लिम समाजजनों ने अपने घरों पर बकरे की कुर्बानी देकर अल्लाह की राह में सब कुछ कुर्बान करने का संकल्प दोहराया।
बड़ी ईदगाह पर मौलाना तारिक साहब ने ईद की विशेष नमाज पढ़ाई। उन्होंने बकरीद का महत्व बताते हुए कहा ईद उल अजहा कुर्बानी और संयम का दिन है। नमाज के बाद सभी लोगों ने अपने अपने घर पहुंचकर बकरे की कुर्बानी दी। शहर के तालाब चौक, आनंद नगर स्थित छोटी ईदगाह, दारुल उलूम सहित मोहल्लों, बस्तियों की छोटी- बड़ी मस्जिदों में भी सुबह अलग- अलग समय पर नमाज अता कराई गई। त्यौहार पर दावतों के चलते मुस्लिम बस्तियों में दिनभर चहल- पहल बनी रही।